1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. 'परमाणु हादसे के करीब पहुंची दुनिया', जानें अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख ने ऐसा क्यों कहा

'परमाणु हादसे के करीब पहुंची दुनिया', जानें अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख ने ऐसा क्यों कहा

 Published : Apr 16, 2024 03:48 pm IST,  Updated : Apr 16, 2024 03:48 pm IST

जापोरीजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में हुए हमलों के बाद रूस और यूक्रेन एक दूसरे पर इसका आरोप मढ़ रहे हैं। लेकिन इस बीच अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल मारियानो ग्रॉसी ने बड़ी बात कही है।

 Zaporizhzhia nuclear plant- India TV Hindi
Zaporizhzhia nuclear plant Image Source : AP

संयुक्त राष्ट्र: रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। दोनों ही देश एक दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं। इस बीच रूस और यूक्रेन ने यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हुए हमलों के लिए सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के समक्ष एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराया। इसे लेकर अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख ने कहा कि हमले ने दुनिया को "खतरनाक रूप से परमाणु हादसे के करीब" पहुंचा दिया है। न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हुए हमले ने पूरी दुनिया को टेंशन में डाल दिया है। 

'लापरवाह हमले तुरंत बंद होने चाहिए' 

आईएईए महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने कहा कि उनकी एजेंसी ने सात अप्रैल से जापोरीजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के खिलाफ तीन हमलों की पुष्टि की है। उन्होंने सुरक्षा परिषद से कहा, "ये लापरवाह हमले तुरंत बंद होने चाहिए। हालांकि, सौभाग्य से इस बार उनके कारण कोई रेडियोलॉजिकल हादसा नहीं हुआ है, लेकिन इससे जोखिम काफी बढ़ जाता है।" 

'यह पता लगाना है मुश्किल'

ग्रॉसी ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि संयंत्र पर हमला करने वाले ड्रोन की रिमोट-नियंत्रित प्रकृति का मतलब है कि यह निश्चित रूप से पता लगाना असंभव है कि उन्हें किसने संचालित किया। उन्होंने कहा, "ऐसा कुछ कहने के लिए हमारे पास सबूत होना चाहिए। हमले कई ड्रोन्स से किए गए हैं।" 

किसने क्या कहा?

जापोरीजिया परमाणु संयंत्र दक्षिण पूर्वी यूक्रेन में रूस नियंत्रित क्षेत्र में स्थित है और इसके छह परमाणु रिएक्टर हैं। यूक्रेन और उसके सहयोगियों ने सोमवार को स्थल पर खतरों के लिए फिर से रूस को दोषी ठहराया। अमेरिका के उप राजदूत रॉबर्ट वुड ने अमेरिका और स्लोवेनिया की पहल पर हुई सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा, "रूस को इन जोखिमों की परवाह नहीं है।" रूस के संयुक्त राष्ट्र राजदूत वासिली नेबेंजिया ने कहा, "आईएईए की रिपोर्ट यह नहीं बताती है कि हमलों के पीछे कौन सा पक्ष है। हम अच्छी तरह जानते हैं कि यह कौन है।" नेबेंजिया ने कहा, ‘‘पिछले कुछ महीनों में, ऐसे हमले ना केवल फिर से शुरू हुए, बल्कि काफी तेज हो गए।’’ संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के राजदूत सेर्गी किस्लित्स्या ने इन हमलों के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि ‘‘रूस ने यह सुनियोजित हमला अपने पड़ोसी देश पर आक्रमण से दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए किया है।’’ (एपी)

यह भी पढ़ें:

दुनिया के इस शानदार शहर में चूहों ने कर दिया है लोगों का जीना हराम, अब जो होगा वो आप सोच भी नहीं सकते

'चीन से मुकाबले के लिए भारत है तैयार', जानें अमेरिकी रक्षा खुफिया अधिकारी ने और क्या कहा...

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश