1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. Iran-US-Israel War: ट्रंप के सीजफायर वाले दावे को ईरान ने दिया जवाब, उनकी बातों को बताया 'झूठ'

Iran-US-Israel War: ट्रंप के सीजफायर वाले दावे को ईरान ने दिया जवाब, उनकी बातों को बताया 'झूठ'

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Updated : Apr 01, 2026 11:33 pm IST

Iran-US-Israel War: ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद खाड़ी में जारी युद्ध का असर अब पूरी दुनिया में दिखने लगा है। इस बीच, ईरान ने Donald Trump के सीजफायर वाले दावे को खारिज कर दिया है। जानें युद्ध से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स...

ईरान की शिया मस्जिद पर हमला- India TV Hindi
ईरान की शिया मस्जिद पर हमला Image Source : AP

Iran-US-Israel War: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी हैं और युद्ध अब कहां जाकर खत्म होगा, ये कोई नहीं कह सकता। इस बीच, इजरायल ने ईरान के इस्फहान शहर पर फिर बमबारी की है। व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार शाम को प्राइम टाइम में ईरान युद्ध पर जनता को ताजा जानकारी देंगे। ट्रंप ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने की जिम्मेदारी उन देशों की होनी चाहिए जो इस पर निर्भर हैं, न कि अमेरिका की। ट्रंप ने मंगलवार को उन सहयोगियों के प्रति निराशा व्यक्त की जो अमेरिकी युद्ध प्रयासों में अधिक सहयोग देने को तैयार नहीं हैं, और उनसे कहा कि, जाओ अपना तेल खुद निकालो। ट्रंप आगे क्या करेंगे, ईरान क्या जवाब देगा और इजरायल का अगला कदम क्या होगा, जानें।

 

Iran-US-Israel War LIVE: ईरान के इस्फ़हान में इजरायल ने की बमबारी, जानें पल पल के अपडेट्स

Auto Refresh
Refresh
  • 11:11 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    ईरान के संवर्धित यूरेनियम की परवाह नहीं- ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि उन्हें ईरान के संवर्धित यूरेनियम की परवाह नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा है कि युद्ध के उनके प्राथमिक लक्ष्यों में से एक ईरान को परमाणु हथियार पा लेने से रोकना था, और उन्होंने यह लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि हम सैटेलाइट के जरिए इस पर लगातार नजर रखेंगे।

  • 10:33 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    ट्रंप और फिनलैंड के राष्ट्रपति ने NATO और ईरान पर चर्चा की

    फिनलैंड के नेता अलेक्जेंडर स्टब ने बताया कि उन्होंने ट्रंप के साथ फोन पर सकारात्मक बातचीत की। स्टब ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा कि हमने नाटो, यूक्रेन और ईरान पर अपने विचार साझा किए। समस्याओं का समाधान मिलकर खोजना अच्छी बात है। यह बातचीत ऐसे वक्त में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति अपने सहयोगियों के प्रति लगातार नाराजगी जता रहे हैं।

  • 9:38 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    इजरायल ने सीरियाई टेलीविजन क्रू को निशाना बनाने से किया इनकार

    सीरियाई सरकारी टेलीविजन ने बुधवार को कहा कि दक्षिणी सीरिया के कुनेत्रा प्रांत में रिपोर्टिंग कर रहे उसके क्रू को इजरायली सेना ने निशाना बनाया था, हालांकि बाद में सेना ने इस दावे का खंडन किया। चैनल की तरफ से प्रसारित एक वीडियो में प्रेस जैकेट पहने एक पत्रकार को जमीन पर गिरते हुए दिखाया गया, जिसे वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने 'दूसरी गोलाबारी' बताया। इसको लेकर इजरायली सेना ने कहा कि पत्रकार गोलीबारी होने के बाद ही घटनास्थल पर पहुंचे थे और वे इस कार्रवाई का निशाना नहीं थे। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि सेना किसे निशाना बना रही थी।

  • 8:58 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    फ्रांस के राष्ट्रपति ने की सीजफायर की वकालत

    फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने जापान यात्रा के दौरान मध्य-पूर्व में युद्धविराम का आह्वान किया। मैक्रॉन ने बुधवार को जापानी प्रधानमंत्री से बातचीत की और कहा कि दोनों नेता अंतरराष्ट्रीय कानून, अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों में भरोसा रखते हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम दोनों शांति, युद्धविराम, स्थिरता और होर्मुज जलडमरूमध्य से बेरोक-टोक आवाजाही की वकालत करते हैं।

  • 8:09 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    ट्रंप के सीजफायर वाले दावे को ईरान ने किया खारिज

    ईरान ने ट्रंप के उस दावे पर रिएक्शन दिया है कि ईरान के राष्ट्रपति युद्धविराम चाहते हैं। ईरानी सरकारी टेलीविजन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने डोनाल्ड ट्रंप के दावे को 'झूठा और निराधार' बताया है। ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने भी अलग से एक बयान जारी किया है। उनका कहना है कि अमेरिका के राष्ट्रपति के इस हास्यास्पद तमाशे के जरिए इस Strait Of Hormuz को इस देश के दुश्मनों के लिए नहीं खोला जाएगा।

  • 7:29 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ईरान के मियानेह में 5 लोगों की मौत

    ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी ईरान के मियानेह में एक रिहायशी इलाके पर हुए अमेरिका-इजरायल के हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है।

  • 5:51 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    UAE ने 5 ईरानी मिसाइल और 35 ड्रोन मार गिराए

    UAE के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली ने बुधवार को ईरान की ओर दागी गई 5 बैलिस्टिक मिसाइलों और 35 ड्रोन्स को मार गिराया है। मंत्रालय ने कहा कि इसके साथ ही, इस युद्ध के दौरान रोके गई ईरानी मिसाइलों की कुल संख्या बढ़कर 438 हो गई है। 2,012 ड्रोन भी रोके गए हैं।

  • 4:54 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    IRGC ने कहा जारी रहेंगे हमले

    ईरान के IRGC का कहना है कि ईरान और उसके सहयोगियों की ओर से हमलों की ताजा लहर में 100 से ज्यादा भारी मिसाइलों और हमलावर ड्रोनों के साथ-साथ कम से कम 200 रॉकेटों का इस्तेमाल किया गया है। IRGC ने बताया कि इन हमलों में इजरायल के अलग-अलग ठिकानों को निशाना बनाया गया, साथ ही खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर भी हमले किए गए। इनमें बहरीन में अमेरिकी सेना की मौजूदगी वाली एक जगह और कुवैत के अल-अदिरी बेस पर मौजूद अमेरिकी हेलीकॉप्टर यूनिट शामिल है। IRGC का दावा है कि इस हमले में एक हेलीकॉप्टर नष्ट हो गया है। IRGC ने कहा कि हमले जारी रहेंगे।

  • 3:49 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    इजरायली सेना का दावा, मारा गया हिजबुल्लाह कमांडर

    इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने हिजबुल्लाह के एक कमांडर को मार गिराया है। सेना ने बताया कि बेरूत पर हुए हमले में हिजबुल्लाह के 'दक्षिणी मोर्चे' का कमांडर यूसुफ इस्माइल हाशेम मारा गया है। इस मामले पर हिजबुल्लाह की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आई है।

     

  • 2:43 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    1200 से ज्यादा ईरानी UAE से अपने घर लौटे

    ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम की रिपोर्ट के अनुसार, जंग शुरू होने के बाद से दुबई में रहने वाले कम से कम 1,262 ईरानी नागरिक ईरान लौट चुके हैं। ईरान के लिए सीधी उड़ानें बंद होने के कारण, ये लोग अफगानिस्तान और आर्मेनिया के रास्ते हवाई यात्रा करके लौटे हैं। ईरानी सरकार ने UAE से अनुरोध किया है कि वह उसके और नागरिकों को जहाज के जरिए, साथ ही एक विशेष उड़ान मार्ग के जरिए वापस भेजने की व्यवस्था करे। दुबई स्थित एयरलाइंस एमिरेट्स और फ्लाईदुबई ने कहा है कि ईरानी नागरिकों को UAE में प्रवेश करने या वहां से गुजरने की अनुमति नहीं है।

  • 2:33 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    तेहरान में हुए हवाई हमले

    ईरान की राजधानी तेहरान में हवाई हमले हुए हैं। हवाई हमलों में ऐसा प्रतीत होता है कि वहां स्थित पूर्व अमेरिकी दूतावास का परिसर निशाना बना है।

  • 2:31 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ईरान के करमान और सिरजान पर हुए हमले

    ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी ईरान के शहर करमान और उसके पास स्थित सिरजान को निशाना बनाया गया है। अमेरिकी और इजरायल ने मिलकर यहां हमला किया है।

  • 2:07 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ईरान में इंटरनेट ब्लैकआउट 33वें दिन भी जारी

    साइबर सुरक्षा पर नजर रखने वाली संस्था NetBlocks का कहना है कि ईरानी अधिकारी देश में 33वें दिन भी लगभग पूरी तरह से इंटरनेट ब्लैकआउट जारी रखे हुए हैं। NetBlocks ने कहा, " ईरान की वैश्विक इंटरनेट से कनेक्टिविटी सामान्य स्तर के एक प्रतिशत से भी कम है। ईरानी अधिकारी बाहरी दुनिया से संपर्क के बचे हुए साधनों को खत्म करने की कोशिश में सैटेलाइट टर्मिनलों पर भी अपनी कार्रवाई तेज कर रहे हैं।"

  • 1:12 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    इजरायल में घायल हुए 25 लोग

    ईरान की ओर से इजरायल पर किए गए हमलों में कम से कम 25 लोग घायल हो गए हैं। ये हमले इजरायल में 20 अलग-अलग जगहों पर किए गए थे। बनी बराक में घायल हुए 10 साल के लड़के और 11 साल की लड़की की हालत अब गंभीर है।

  • 1:09 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    इजरायल का दावा, मारा गया कुद्स फोर्स का बड़ा अधिकारी

    इजरायली सेना का कहना है कि उसने IRGC की कुद्स फोर्स में लेबनान कोर के इंजीनियरिंग प्रमुख के मार गिराया है। सेना ने बताया कि उसने महदी वफाई को मध्य शहर महल्लात में मारा गया। सेना ने दावा किया कि वफाई ने कुद्स फोर्स के एक खास सदस्य के तौर पर 2 दशकों तक लेबनान और सीरिया में भूमिगत प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाया, इनमें हिजबुल्लाह के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करना और हथियारों के भंडारण का प्रबंधन करना शामिल था। इजरायल ने कुद्स फोर्स के सदस्यों को लगातार निशाना बनाया है।

  • 12:53 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ईरान ने कतर में दागी मिसाइलें

    कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि कतर को ईरान से दागी गई 3 क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया था, जिनमें से एक ने एक तेल टैंकर को हिट किया। एक्स पर एक पोस्ट में, मंत्रालय ने कहा कि उसने 2 मिसाइलों को बीच में ही रोक लिया, जबकि तीसरी मिसाइल कतर एनर्जी को लीज पर दिए गए एक टैंकर से जा टकराई। मंत्रालय ने बताया कि टैंकर से चालक दल के 21 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

  • 12:39 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    ईरान का बड़ा आरोप-शिया मस्जिद पर हुआ हमला

    युद्धविराम की सुगबुगाहट के बीच अमेरिका और इजरायल के ईरान पर ताबड़तोड़ हमले जारी है।  वहीं ईरान भी इजरायल और अमेरिकी बेसों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहा है। इस बीच ईरान ने अमेरिका और इजरायल पर बड़ा आरोप लगाया है। ईरान ने कहा, अमेरिका-इजरायल ने ज़जान शहर की शिया मस्जिद पर हमला किया है, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है।

    देखें वीडियो

  • 12:26 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    इजरायल में कितनी है घायलों की संख्या

    इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में 104 लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इसमें मध्य इजरायल में हुई हालिया हताहतों की संख्या शामिल नहीं है। मंत्रालय के अनुसार, इसके साथ ही युद्ध के दौरान घायल हुए इजरायलियों की कुल संख्या बढ़कर 6,286 हो गई है, जिनमें से 100 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

  • 10:45 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियान कुछ ही हफ्तों में खत्म होंगे-ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियान कुछ ही हफ्तों में समाप्त हो सकते हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि वाशिंगटन तेहरान के साथ औपचारिक समझौते के बिना भी अपने अभियान के समापन के करीब है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ये टिप्पणियां कीं। ये टिप्पणियां उनके उस संबोधन से ठीक एक दिन पहले आई हैं, जिसमें व्हाइट हाउस ने कहा है कि वे ईरान युद्ध पर एक 'महत्वपूर्ण अपडेट' साझा करेंगे।

    (एपी)

     

     

  • 10:27 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को लेकर ट्रंप का बयान

    सीबीएस न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने बताने से इनकार कर दिया कि 'क्या ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को हटाए या नष्ट किए बिना युद्ध में जीत की घोषणा करना संभव होगा।' लेकिन ट्रंप ने माना कि ये काफी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि, यह इतनी गहराई में दबा हुआ है कि किसी के लिए भी इसे निकालना बहुत मुश्किल होगा। उन्होंने आगे कहा, यह बहुत गहराई में है। इसलिए... यह काफी सुरक्षित है। लेकिन आप जानते हैं हम इस पर फैसला लेंगे।

  • 8:43 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    अमेरिका इजरायल युद्ध खत्म करने को तैयार हैं? जानें

    ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान से "बिना किसी समझौते के" निकलने को तैयार है, इजराइल ने भी अन्य योजनाओं के संकेत दिए। अमेरिकी और इजरायली नेताओं की ये टिप्पणियां ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन के उस बयान के बाद आईं, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके देश में युद्ध समाप्त करने की "आवश्यक इच्छाशक्ति" है, बशर्ते उसके दुश्मन यह गारंटी दें कि युद्ध दोबारा नहीं भड़केगा।

  • 8:38 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    अमेरिका ने ईरान को फिर चेतावनी दी

    अमेरिका ने ईरान को फिर चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा, अमेरिकी सेना ईरान के किसी भी हमले को रोकने के लिए पहले भी तैयार थी और आगे भी रहेगी। ईरानी शासन के बैलेस्टिक मिसाइल और ड्रोन अटैक में 90 फीसदी की आई कमी इसको साफ दर्शाते हैं।

  • 8:12 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    UAE अमेरिका-ईरान युद्ध में शामिल होने को तैयार है-रिपोर्ट

    अरब अधिकारियों के हवाले से आई एक नई रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) अमेरिका-ईरान युद्ध में शामिल होने को तैयार है और होर्मुज जलडमरूमध्य को बलपूर्वक फिर से खोलने में अमेरिका और अन्य सहयोगियों की मदद करने की तैयारी कर रहा है। यह ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान अपने क्षेत्र पर अमेरिका-इजरायल के हमलों के जवाब में यूएई और अन्य खाड़ी देशों पर हमले जारी रखे हुए है।

  • 8:08 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का राष्ट्र के नाम संबोधन

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का राष्ट्र के नाम संबोधन रात 9 बजे ET (भारत में 2 अप्रैल को सुबह लगभग 6:30 बजे IST) होगा।

  • 8:02 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    अमेरिकी शेयर बाज़ार में बुधवार को तेज़ी देखी जा रही

    ईरान युद्ध के जल्द समाप्त होने की नई उम्मीदों के चलते अमेरिकी शेयर बाज़ार में बुधवार को तेज़ी से उछाल आया और बाज़ार पिछले वसंत के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद एशियाई शेयर बाज़ारों में भी तेज़ी देखी गई।

  • 8:01 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    तीन हफ्तों में खत्म हो जाएगा युद्ध- ट्रंप का बड़ा बयान

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका दो से तीन हफ्तों के भीतर ईरान पर अपने सैन्य हमले समाप्त कर सकता है और तेहरान को संघर्ष समाप्त करने के लिए किसी समझौते की आवश्यकता नहीं है। ट्रंप के बयान लगातार बदल रहे हैं और वे कभी-कभी विरोधाभासी बयान दे रहे हैं कि अब पांचवें सप्ताह में चल रहे युद्ध का अंत कैसे होगा। पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "हम बहुत जल्द ही निकलेंगे।" उन्होंने कहा कि यह वापसी "दो हफ्तों के भीतर, शायद दो हफ्तों में, शायद तीन हफ्तों में" हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश