1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. उत्तरी गाजा में अब यहां तक घुस गई इजरायली सेना, सीरिया ने दागा रॉकेट तो जवाबी हमले में मारे गए 13 लोग

उत्तरी गाजा में अब यहां तक घुस गई इजरायली सेना, सीरिया ने दागा रॉकेट तो जवाबी हमले में मारे गए 13 लोग

 Published : Oct 30, 2023 03:21 pm IST,  Updated : Oct 30, 2023 03:21 pm IST

इजरायली सेना का कारवां गाजा के अंदरूनी इलाकों तक पहुंच गया है। इजरायली सैनिक गाजा की गलियों में टैंक और बख्तरबंद वाहनों के साथ दौड़ रहे हैं। हमास आतंकियों के ऊपर वह चुन-चुन कर हमले कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार गाजा में अब फिलिस्तीनी पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो गया है।

गाजा में घुसी इजरायली सेना। - India TV Hindi
गाजा में घुसी इजरायली सेना। Image Source : AP

इजराइली सेना धीरे-धीरे गाजा पर कब्जे के करीब पहुंच रही है। अब उसके बख्तरबंद वाहन सोमवार को उत्तरी गाजा पट्टी के और अंदरुनी इलाकों तक पहुंच गए। इससे आम लोगों के बीच भी हड़कंप मच गया। संयुक्त राष्ट्र और चिकित्सा कर्मियों ने आगाह किया कि अस्पतालों के नजदीक हवाई हमले किए जा रहे हैं, जहां हजारों घायलों के साथ ही हजारों फलस्तीनी नागरिकों ने शरण ली हुई है। जमीनी आक्रमण में यह तेजी तब आयी है, जब एक दिन पहले खाद्य सामग्री, दवा और अन्य सामान लेकर 33 ट्रकों ने मिस्र से गाजा में प्रवेश किया। इजराइल अैर हमास के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से मानवीय सहायता की यह सबसे बड़ी खेप है।
 
राहत कर्मियों ने सोमवार को कहा कि यह सहायता गाजा में आवश्यकता से बहुत कम है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि जान गंवाने वाले फलस्तीनियों की संख्या 8,000 के पार चली गयी है जिनमें से ज्यादातर महिलाएं और नाबालिग हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि इजराइली सैनिक उत्तरी गाजा में अंदरुनी इलाकों तक घुस गए हैं। सेना द्वारा सोमवार को जारी वीडियो में बख्तरबंद वाहनों को इमारतों के बीच से गुजरते हुए और सैनिकों को एक मकान के भीतर कमान संभालते हुए देखा गया। अभी सटीक स्थान के बारे में नहीं पता चला है लेकिन शनिवार को सेना द्वारा जारी फुटेज में सैनिकों को गाजा की उत्तरी सीमा की बाड़बंदी के समीप सुनसान रेतीले स्थानों से गुजरते हुए देखा गया।
 
इजरायली सेना ने किया ये दावा
 
सेना ने सोमवार को कहा कि उसके सैनिकों ने रात भर में इमारतों और सुरंगों के भीतर से हमला करने वाले कई आतंकवादियों को मार गिराया और हवाई हमलों में एक इमारत को ध्वस्त कर दिया गया जिसका इस्तेमाल हमास कर रहा था। उसने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उसने आतंकवादियों के 600 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है जिसमें हथियार डिपो और टैंक रोधी मिसाइल लॉन्चिंग स्थल भी शामिल हैं। इन खबरों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है। हमास की सैन्य शाखा ने बताया कि उसके आतंकवादियों की उत्तरपश्चिमी गाजा पट्टी में घुसने वाले इजराइली सैनिकों से झड़प हुई। फलस्तीनी आतंकवादी तेल अवीव समेत इजराइल में अभी रॉकेट हमले कर रहे हैं। इजराइल की तरफ से बमबारी के बीच गाजा के अधिकतर हिस्सों में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं अचानक बंद होने के दो दिन बाद, भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में रविवार को संचार सेवाएं धीरे-धीरे बहाल हो गईं।
 
सीरिया ने दागा रॉकेट तो इजरायल ने किया हवाई हमला
 इजराइल ने हमास पर अस्पताल के नीचे एक गुप्त कमांड पोस्ट बनाने का आरोप लगाया है, लेकिन इसके समर्थन में ज्यादा सबूत उपलब्ध नहीं कराए हैं। हमास इन आरोपों से इनकार करता है। इजराइल ने खान यूनिस में रविवार को दो मंजिला मकान पर हवाई हमला किया जिसमें एक ही परिवार के 10 सदस्यों समेत कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी। इजराइली सेना ने सोमवार को तड़के कहा कि उसके विमान ने सीरिया की ओर से रॉकेट दागे जाने के बाद वहां सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। (एपी) 
 
यह भी पढ़ें
यूक्रेन से बातचीत को तैयार है रूस, रक्षा मंत्री सर्गेई ने कहा-अमेरिका बढ़ा रहा भूराजनीतिक तनाव

इजरायली यात्रियों के आते ही रूसी हवाई अड्डा बना जंग का मैदान, फिलिस्तीनी झंडे के साथ यहूदियों का किया विरोध

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश