1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. शादी समारोह में बड़ा अग्निकांड, जिंदा जल गए 22 लोग; बिल्डिंग के संकरे गलियारे से नहीं निकल पाए

शादी समारोह में बड़ा अग्निकांड, जिंदा जल गए 22 लोग; बिल्डिंग के संकरे गलियारे से नहीं निकल पाए

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 06, 2026 12:02 pm IST,  Updated : Sep 06, 2026 12:05 pm IST

किंशासा में शादी समारोह के दौरान बिल्डिंग में आग लग गई और इसमें जिंदा जलकर कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। आग लगने के बाद कई लोगों को संकरे गलियारे से निकलने में मुश्किल हुई।

Kinshasa Wedding Fire- India TV Hindi
कांगो में शादी समारोह के दौरान बिल्डिंग में लग गई आग। Image Source : AP

कांगो की राजधानी किंशासा में बड़ा अग्निकांड हो गया है। एक शादी समारोह में आग लगने से कम से कम 22 लोग जिंदा जल गए, जबकि कई अन्य जख्मी हो गए। लिंगवाला के मेयर ने बताया कि ये आग बीते शुक्रवार की रात को एक बिल्डिंग में लगी और वह शनिवार सुबह तक धधकती रही। इससे इलाके में हड़कंप मच गया।

लोगों को संकरे गलियारों से निकलने में हो गई मुश्किल

बता दें कि यह बिल्डिंग किंशासा के नॉर्थ पार्ट में स्थित लिंगवाला में है। आग से बचकर निकलने का प्रयास कर रहे लोगों के लिए बिल्डिंग के संकरे गलियारों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। इस वजह से कई लोग बिल्डिंग से निकल नहीं पाए और उसी में जल गए।

आग से निकाल लिए गए कुछ लोगों की हो गई मौत

वहीं, शादी समारोह में आए अन्य लोगों ने आग में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश भी की। बिल्डिंग से निकाले गए कई लोगों को सड़क के किनारे लिटाया गया, जिनमें से कुछ लोग जिंदा बच गए, जबकि कुछ की मौत हो गई। जहां शादी की वजह से हंसी-खुसी का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

मृतकों की संख्या 22 तक पहुंची

लिंगवाला के मेयर नॉर्बर्ट मुशिंगा ने कांगो प्रेस एजेंसी को कहा कि फिलहाल मृतकों की संख्या 22 तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है। आग लगने की सटीक वजह की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। कांगो के उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैक्वेमिन शाबानी के मुताबिक, यह एक त्रासदी है। उन्होंने बीते शनिवार की सुबह घटनास्थल का दौरा भी किया।

शुष्क मौसम में बढ़ जाती हैं आग की घटनाएं

जान लें कि किंशासा के घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं आम हैं। लोकल मीडिया के मुताबिक, शुष्क मौसम में आग लगने की घटनाएं आम होती हैं। इस वर्ष भी कई ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले, पाकिस्तान में इस्लामाबाद के अस्पताल में आग से हाहाकार मच गया था। इस अग्निकांड में 15 नवजातों की मौत हो गई थी। ये आग एसी का कंप्रेसर फटने के कारण हुई थी।

(इनपुट- एपी)

ये भी पढ़ें- इंडोनेशिया की बोट में आग लगने से बड़ा हादसा, 5 लोगों की मौत और 41 लापता; Ferry में 271 थे सवार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश