1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. 'यह साफ तौर पर एक आतंकी हमला है', दिल्ली ब्लास्ट पर बोले अमेरिकी विदेश मंत्री

'यह साफ तौर पर एक आतंकी हमला है', दिल्ली ब्लास्ट पर बोले अमेरिकी विदेश मंत्री

 Published : Nov 13, 2025 08:36 am IST,  Updated : Nov 13, 2025 08:36 am IST

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने दिल्ली ब्लास्ट को आतंकी हमला बताया और भारत की पेशेवर जांच की सराहना की है। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत कर संवेदना जताई है। प्रारंभिक जांच में पाकिस्तानी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवात-उल-हिंद का लिंक सामने आया है।

Delhi blast, Marco Rubio, India terror attack, S. Jaishankar- India TV Hindi
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो। Image Source : AP

ओंटारियो: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने दिल्ली में सोमवार शाम हुए धमाके को 'साफ तौर पर एक आतंकी हमला' करार दिया है। उन्होंने भारत की तारीफ की कि जांच को बहुत सावधानीपूर्वक और पेशेवराना तरीके से किया जा रहा है। रूबियो ने ये बातें मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए कहीं, जब भारत ने दिल्ली के इस धमाके को 'आतंकी घटना' घोषित कर दिया था। उन्होंने कहा, 'भारत को तारीफ मिलनी चाहिए। वे जांच को बहुत संयमित, सतर्क और बहुत पेशेवर तरीके से कर रहे हैं। जांच अभी जारी है। यह साफ तौर पर एक आतंकी हमला था। एक कार में भारी विस्फोटक सामग्री लदी हुई थी, जो फटी और इससे कई लोगों की जान गई।'

'जयशंकर से दिल्ली ब्लास्ट के बारे में बात की'

रूबियो ने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि वे जांच को बहुत अच्छे ढंग से कर रहे हैं और जब उनके पास तथ्य होंगे, तो वे उन तथ्यों को जारी करेंगे।' अमेरिकी विदेश मंत्री ने बताया कि उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से दिल्ली ब्लास्ट के बारे में बात की। रूबियो ने कहा कि अमेरिका ने मदद की पेशकश की, लेकिन भारत इस जांच में 'बहुत सक्षम' है और उसे मदद की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, 'हम इसकी संभावना से वाकिफ हैं और आज हमने इस पर थोड़ी बात की। हम जांच के नतीजों का इंतजार करेंगे। हमने मदद की पेशकश की है, लेकिन मुझे लगता है कि वे इन जांचों में बहुत सक्षम हैं। उन्हें हमारी मदद की जरूरत नहीं है और वे अच्छा काम कर रहे हैं।'

कनाडा में हुई जयशंकर और रूबियो की मुलाकात

विदेश मंत्री जयशंकर और रूबियो की मुलाकात कनाडा के नियाग्रा में G-7 विदेश मंत्रियों की बैठक के इतर हुई। इस दौरान रूबियो ने दिल्ली ब्लास्ट में गई जानों पर संवेदना व्यक्त की। बैठक में द्विपक्षीय रिश्तों के साथ-साथ वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बता दें कि लाल किले के पास हुए धमाके की प्रारंभिक जांच में एक 'व्हाइट-कॉलर आतंकी नेटवर्क' का लिंक सामने आया है। जांच एजेंसियों ने इस आतंकी घटना को पाकिस्तान आधारित संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवात-उल-हिंद से जोड़ा है। बता दें कि दिल्ली में हुए इस भयानक धमाके में अब तक 12 लोगों की जान गई है और 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। (ANI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश