1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. 'पिछले एक साल में 200 से ज्यादा बच्चों से रेप हुए', सूडान पर UNICEF की नई रिपोर्ट से मचा हड़कंप

'पिछले एक साल में 200 से ज्यादा बच्चों से रेप हुए', सूडान पर UNICEF की नई रिपोर्ट से मचा हड़कंप

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Mar 04, 2025 10:02 am IST,  Updated : Mar 04, 2025 10:02 am IST

UNICEF की तरफ से जारी एक ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि बीते कुछ महीनों से संघर्ष झेल रहे सूडान में पिछले साल से अब तक सैकड़ों बच्चे रेप का शिकार हुए हैं।

UNICEF, war crimes, Sudan, sexual violence, child rape- India TV Hindi
यूनिसेफ ने बताया कि सूडान में बच्चों के साथ रेप के सैकड़ों मामले सामने आए हैं। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

काहिरा: संयुक्त राष्ट्र बाल एजेंसी यानी कि UNICEF ने मंगलवार को एक चौंकाने वाली रिपोर्ट में बताया कि संघर्ष-ग्रस्त सूडान में 2024 की शुरुआत से सैकड़ों बच्चे बलात्कार का शिकार हुए हैं। UNICEF के मुताबिक, यौन हिंसा का इस्तेमाल युद्ध की रणनीति के रूप में किया जा रहा है। संस्था ने बताया कि उत्तर अफ्रीकी देश में लिंग आधारित हिंसा के विषय में काम करने वाली संस्थाओं द्वारा जुटाए गई जानकारी के मुताबिक, सशस्त्र बलों ने लड़कों सहित 221 बच्चों से बलात्कार किया।

‘दोनों ही पक्षों द्वारा किए गए हैं अत्याचार’

बता दें कि सूडान में जंग की शुरुआत अप्रैल 2023 में सेना और उसके प्रतिद्वंद्वी अर्द्धसैनिक ‘रैपिड सपोर्ट फोर्स’ के बीच खार्तूम में लड़ाई से हुई जो कुछ ही दिनों में पूरे देश में फैल गई। देश में जारी इस जंग में तब से कम से कम 20000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। जंग की वजह से 1.4 करोड़ से अधिक लोग अपने अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर हुए हैं और देश के कुछ हिस्से भूखमरी की कगार पर हैं। अधिकार समूहों का कहना है कि यौन हिंसा और जबरन बाल विवाह सहित अत्याचार दोनों पक्षों द्वारा किए गए हैं।

‘30 प्रतिशत से ज्यादा पीड़ित लड़के थे’

UNICEF ने पिछले महीने बताया था कि युद्ध शुरू होने के बाद से अनुमानित 61,800 बच्चे आंतरिक रूप से विस्थापित हुए हैं। संस्था ने कहा कि बच्चों के साथ बलात्कार के मामलों में 30 प्रतिशत से ज्यादा पीड़ित लड़के थे। पीड़ितों में 5 वर्ष से कम उम्र के 16 बच्चे और 4 शिशु शामिल हैं। ये मामले गदारेफ, कसाला, गेजेरा, खार्तूम, रिवर नाइल, नॉर्दर्न स्टेट, साउथ कोर्दोफन, नॉर्थ दारफुर और वेस्ट दारफुर राज्यों में दर्ज किए गए।

‘युद्ध की रणनीति के रूप में हो रहा इस्तेमाल’

यूनिसेफ’ की प्रवक्ता टेस इनग्राम ने बताया कि बलात्कार के शिकार हुए 221 बच्चों में से 73 मामले लड़ाई से जुड़े हुए थे जबकि 71 का इससे कोई लेना देना नहीं था और बाकी के मामले अज्ञात थे। UNICEF की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल ने रिपोर्ट में कहा कि बलात्कार सहित यौन हिंसा का इस्तेमाल ‘युद्ध की रणनीति के रूप में किया जा रहा है’ जो अंतरराष्ट्रीय कानून और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों का उल्लंघन है।

बंदूक के दम पर किया गया लड़के से रेप

महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा की रिपोर्ट जुटाने वाली गैर-लाभकारी संस्था ‘SIHA नेटवर्क’ ने पिछले महीने कहा था कि जंग शुरू होने के बाद से संघर्ष से संबंधित यौन हिंसा के लगभग 23 प्रतिशत मामले लड़कियों से जुड़े थे। दक्षिण कोर्दोफन में बंदूक के दम पर एक लड़के से रेप किया गया और 6 साल के बच्चे सहित कई बच्चों के साथ भी दुष्कर्म किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश