1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. रूस में भारतीय समुदाय के लोग बेसब्री से कर रहे हैं PM मोदी का इंतजार, कही 'मन की बात'

रूस में भारतीय समुदाय के लोग बेसब्री से कर रहे हैं PM मोदी का इंतजार, कही 'मन की बात'

 Published : Jul 08, 2024 04:17 pm IST,  Updated : Jul 08, 2024 04:17 pm IST

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा से भारतीय समुदाय के लोग खासे उत्साहित हैं। रूस में भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी इस यात्रा को लेकर कहा कि इससे भारत और रूस के संबंध अधिक मजबूत होंगे।

PM Modi Russia Visit - India TV Hindi
PM Modi Russia Visit Image Source : REUTERS

मॉस्को: रूस में भारतीय समुदाय के सदस्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मॉस्को पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और वो देश में एक हिंदू मंदिर, एक नई भारतीय स्कूल इमारत का निर्माण करने तथा भारत तक अधिक सीधी उड़ान सेवाओं की उपलब्धता के लिए उनसे सहयोग देने का अनुरोध करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को होने वाले 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर आठ से नौ जुलाई तक मॉस्को की यात्रा पर आ रहे हैं। 

उत्साहित हैं लोग 

रूस में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने यहां ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी की रूस यात्रा को लेकर उत्साह जताया। समुदाय के सदस्यों ने एक हिंदू मंदिर, एक नई भारतीय स्कूल इमारत तथा भारत तक अधिक सीधी उड़ान सेवाओं की अपनी इच्छा भी जताई। रूस में रह रहे पटना के राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘कुछ चीजें हैं जो समाज में अब भी नदारद हैं। उदाहरण के लिए, हम प्रधानमंत्री मोदी से एक हिंदू मंदिर के निर्माण की मांग करेंगे। एयरलाइंस के साथ भी कुछ समस्याएं हैं क्योंकि सिर्फ रूसी एयरलाइन एयरोफ्लोट की सेवाएं उपलब्ध हैं। अगर एअर इंडिया जैसी कोई अन्य एयरलाइन रूस तक उड़ानों का संचालन करती है तो सीटों की उपलब्धता के साथ ही उड़ानों की संख्या भी बढ़ेगी।’’ 

लोगों ने कही 'मन की बात'

रूस में हाल के वर्षों में हिंदुत्व के प्रसार और भारतीयों की संख्या बढ़ने के साथ ही यह समुदाय अपनी आध्यात्मिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए देश में एक मंदिर के निर्माण की आवश्यकता महसूस कर रहा है। रूस में रह रहे एक अन्य भारतीय दिलीप कुमार मिंगलानी ने कहा, ‘‘हमें प्रधानमंत्री मोदी से केवल एक उम्मीद है कि भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए कुछ किया जाए ताकि समुदाय के छात्रों को अच्छी शिक्षा मिले और स्कूलों को मजबूत किया जाए। भारत से सामान का आयात कर रहे भारतीय समुदाय कुछ समस्याओं का सामना कर रहा है, उन पर भी गौर किया जाए ताकि भारत-रूस संबंध और मजबूत हों।’’ रूस में रह रही उत्तर प्रदेश की पूजा चंद्रा ने कहा, ‘‘चूंकि मैं एक मां हूं तो मैं भारतीय स्कूल के लिए नई इमारत चाहती हूं। मौजूदा इमारत काफी पुरानी है और अगर हमें नई इमारत मिलती है तो छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा।’’ रूस में भारतीय चिकित्सक एम मैथ्यू ने प्रधानमंत्री मोदी से रूस में आयुर्वेदिक औषधियों को मान्यता दिलाने का अनुरोध किया है। इस बीच, पंजाबी पोशाक पहने कई रूसी महिलाएं मोदी की यात्रा के मद्देनजर मॉस्को में ऐतिहासिक लाल चौक के सामने भांगड़ा करती हुई दिखीं।

'यह बड़ा अवसर है'

रूस में रह रहे भारतीय प्रमोद कुमार ने कहा, ‘‘हम हर साल बैसाखी के दौरान कार्यक्रम आयोजित करते हैं। भांगड़ा और गिद्दा करने वाले दल यहां आते हैं और हमने रूसी लड़कों तथा लड़कियों को भी यह सिखाया है। हम भारत-रूस संबंध मजबूत करना चाहते हैं।’’ भांगड़ा कर रही एक रूसी महिला मिलाना ने कहा कि मोदी की यात्रा से भारत-रूस संबंध और मजबूत होंगे। मिलाना ने कहा, ‘‘हमारा मुख्य उद्देश्य यह है कि हम भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने की कोशिश कर रहे हैं, हम भारतीय संस्कृति व उत्सवों को बढ़ावा दे रहे हैं। कई बार हम अपने तथा भारत के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए भारत की यात्रा भी करते हैं। हमें खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी आ रहे हैं, हमारे रिश्ते और मजबूत होंगे। यह बड़ा अवसर है।’’ 

रूस में ढोल नगाड़े

पीएम के स्वागत की तैयारी

छलक रही खुशी

देखें शानदार वीडियो

यह भी पढ़ें: 

US Presidential Election: जो बाइडेन को नहीं मिल रहा अपनों का साथ, अब 5 सांसदों ने कह दी चुभने वाली बात

France Election Result: आम चुनावों में वाम दलों का दबदबा, नतीजे आने के बाद भड़की हिंसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश