1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कैरेबियाई देश हैती में हिंसा का तांडव जारी, अमेरिका ने अपने दूतावास से बुला लिए कई कर्मचारी

कैरेबियाई देश हैती में हिंसा का तांडव जारी, अमेरिका ने अपने दूतावास से बुला लिए कई कर्मचारी

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Mar 11, 2024 02:46 pm IST,  Updated : Mar 11, 2024 02:46 pm IST

कै​रेबियाई देश हैती गृहयुद्ध का शिकार हो गया है। इसी बीच हिंसा का तांडव देखते हुए अमेरिका ने अपने दूतावास के कई कर्मचारियों को वापस बुला लिया है।

कैरेबियाई देश हैती में हिंसा का तांडव जारी- India TV Hindi
कैरेबियाई देश हैती में हिंसा का तांडव जारी Image Source : AP

Haiti News: कैरेबियाई देश हैती में हिंसा का तांडव जारी है। इसी बीच अमेरिका ने अपने दूतावास से कई कर्मचारियों को वापस बुला लिया है। हैती गृहयुद्ध की चपेट में है। ऐसे में बढ़ती हिंसा और इमरजेंसी के हालात में अमेरिकी सेना ने अपने दूतावास से कई कर्मचारियों को वापस बुला लिया है। इसके लिए बाकायदा एक अभियान चलाया गया। अमेरिका की ओर से यह कदम हिंसा में बढ़ोतरी, सरकार के लिए खतरा पैदा करने और बड़ी संख्या में विस्थापन को बढ़ावा देने के बाद उठाया गया है।

गिरोह ने की थी दो जेलों को तोड़ने की साजिश

इससे पहले इसी महीने सशस्त्र गिरोह ने हैती के दो सबसे बड़े जेलों में जेल तोड़ने की साजिश रची थी। जिस वजह से हजारों की संख्या में कैदी जेल से फरार हो गए। सशस्त्र गिरोह ने इस दौरान अपने प्रधानमंत्री एरियल हेनरी के इस्तीफे की मांग भी की। हैती के पीएम देश छोड़कर भाग गए हैं और वे संयुक्त राष्ट्र समर्थित सुरक्षा बलों के हस्तक्षेप के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से गुहार लगा रहे हैं। 

सैन्य विमान में हैती का कोई नागरिक नहीं

अमेरिकी दक्षिणी कमांड ने यह स्पष्ट किया कि दूतावास के कर्मियों को वापस बुलाने का अभियान केवल दूतावास की सुरक्षा के अनुरूप चलाया गया है। उन्होंने कहा, "दूतावास के अंदर और बाहर कर्मियों की यह एयरलिफ्ट दुनिया भर में दूतावास की सुरक्षा बढ़ाने के लिए हमारे मानक अभ्यास के अनुरूप है, और सैन्य विमान में कोई भी हैती का नागरिक नहीं था।"

सुरक्षा कारणों से यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी हैती में अस्थाई रूप से अपनी उपस्थिति कम कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जर्मनी और यूरोपीय संघ के दूतावास भी अपने कर्मचारियों को यहां से निकाल रहे हैं। 

हैती में हिंसा का तांडव जारी

कैरिबियाई देश हैती में गृह युद्ध की हिंसा की आग में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। देश में फैली इस हिंसा के कारण 3,62,000 हैती वासियों को विस्थापित होना पड़ा। सशस्त्र गिरोह देश की राजधानी पर कब्जा कर चुके हैं। वे राष्ट्रपति भवन समेत कई सरकारी इमारतों को निशाना बना रहे हैं। सड़कों पर गोलियां चल रही है। सशस्त्र गिरोह दुकानों और घरों में तोड़फोड़ कर रहे हैं, जिसके बाद हैती में 72 घंटों के लिए आपातकाल लगा दिया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश