1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान ने 17 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया, अधिकतर गुजरात से

पाकिस्तान ने 17 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया, अधिकतर गुजरात से

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 20, 2018 06:57 pm IST,  Updated : Jan 20, 2018 06:57 pm IST

पाकिस्तानी जलक्षेत्र में कथित रूप से अवैध तरीके से मछली पकड़ने के लिए इन 17 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया...

Representational Image | AP Photo- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

कराची: पाकिस्तान ने भारत के 17 मछुआरों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी जलक्षेत्र में कथित रूप से अवैध तरीके से मछली पकड़ने के लिए इन 17 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया। बाद में मछुआरों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें हिरासत में भेज दिया गया। डॉक पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय नागरिक एक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुए जिन्होंने उन्हें हिरासत में जेल भेज दिया। उन्होंने कहा, ‘इन मछुआरों को शुक्रवार रात मैरीटाइम सिक्युरिटी ने हमें आगे की विधिक कार्रवाई के लिए सौंपा था।’

अधिकारी ने बताया कि अधिकतर मछुआरे गुजरात के हैं। मैरीटाइम सिक्युरिटी फोर्स के मुताबिक, 17 भारतीय मछुआरों को पाकिस्तानी जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, ‘वे अरब सागर में हमारे क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे और उन्हें हिरासत में लेकर उनकी नौकाओं को जब्त कर लिया गया है।’ ये गिरफ्तारी गत 28 दिसम्बर को 145 भारतीय मछुआरों की रिहायी के बाद आई है।

खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान मैरीटाइम सिक्युरिटी फोर्स के एक अधिकारी ने कहा कि बीते नवंबर के अंत से पाकिस्तानी जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए हिरासत में लिए गए भारतीय मछुआरों की संख्या 185 थी। पाकिस्तानी प्राधिकारियों द्वारा दिसम्बर 2016 से जनवरी 2017 तक 12 दिन में कुल 438 भारतीय मछुआरों को कराची के लांधी और मलीर जेलों से रिहा किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश