बाटी कोट: हाल के दिनों तक एक-दूसरे के खून के प्यासे तालिबान लड़ाकों और अफगान सुरक्षा बलों ने अशांत पूर्वी अफगानिस्तान में एक अलग ही तस्वीर दिखाई। इन दोनों ने शनिवार को एक-दूसरे को गले लगाया और साथ में तस्वीरें भी ली। दरअसल, ईद के दूसरे दिन भी देश में संघर्ष विराम जारी रहा। अपने-अपने हथियार और रॉकेट लॉंचर लिए अफगानिस्तान के सबसे बड़े आतंकी संगठन के सदस्य कार और मोटरबाइक से नांगरहार प्रांत के बाटीकोट जिले से होकर गुजरे। वे लोग अफगान और तालिबान झंडे लहरा रहे थे।
Related Stories
चौकियों पर पहरेदारी कर रहे अफगान बलों ने तालिबान को ईद की बधाई दी, उनसे गले मिले और तस्वीरें खिंचवाई। हालांकि, कुछ दिन पहले तक इस तरह के दृश्य के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता था। विद्रोहियों को ग्रामीणों ने घेर रखा था और उनसे गले मिल रहे थे। वे लोग खुशी-खुशी तस्वीरें ले रहे थे। तालिबान कमांडर बबा ने बताया, ‘पुलिस और सेना में अपने भाइयों को बधाई देने के लिए मैं यहां हूं।’ एक तालिबान लड़ाके ने कहा, ‘हमने अब तक संघर्ष विराम बखूबी निभाया है। हर कोई युद्ध से थक चुका है और यदि हमारे नेता आदेश देते हैं तो हम संघर्ष विराम जारी रखेंगे।’
उसने कहा, ‘हम एक इस्लामी देश और सरकार चाहते हैं। अमेरिका जब तक अफगानिस्तान से नहीं जाएगा, तब तक यह नहीं हो सकता।’ गौरतलब है कि तालिबान ने ईद के प्रथम तीन दिनों के लिए संघर्ष विराम की घोषणा की थी। हालांकि, उसने कहा कि वह अमेरिका नीत नाटो सैनिकों पर हमले जारी रखेगा। अफगान उप गृहमंत्री मसूद अजीजी ने कहा कि दोनों पक्षों ने संघर्ष विराम का अब तक सम्मान किया है।