1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल: हाइवे से फिसलकर नदी में गिरी बस, 28 यात्रियों की मौत

नेपाल: हाइवे से फिसलकर नदी में गिरी बस, 28 यात्रियों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 28, 2017 05:51 pm IST,  Updated : Oct 28, 2017 05:51 pm IST

नेपाल के धादिंग जिले में शनिवार को यात्रियों से खचाखच भरी एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो कर नदी में गिर जाने के कारण कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई...

Via Google Maps- India TV Hindi
Via Google Maps

काठमांडू: नेपाल के धादिंग जिले में शनिवार को यात्रियों से खचाखच भरी एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो कर नदी में गिर जाने के कारण कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक भारतीय महिला शामिल है। धादिंग के पुलिस अधीक्षक ध्रुब राज राउत ने बताया कि काठमांडू से करीब 70 किलोमीटर पश्चिम में घाटबेसी मोड़ पर बस सुबह करीब 5 बजे दुर्घटनाग्रस्त होकर त्रिशुली नदी में जा गिरी। नेपाल सेना के जवानों सहित सुरक्षा बलों और सशस्त्र बलों के जवानों ने पृथ्वी राजमार्ग से लगे दुघर्टनास्थल से नदी से 16 घायल यात्रियों को बाहर निकाला।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बचाव टीम अब तक 28 शवों को निकाल चुकी है और अन्य लापता यात्रियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है लेकिन इनमें से गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक खबरों के मुताबिक, खराब दृश्यता के कारण एक मोड़ पर तेज रफ्तार बस पर नियंत्रण पाने में चालक के असफल रहने के कारण हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि बस में 52 यात्री यात्रा कर रहे थे।

पुलिस ने आज हुए हादसे के लिए प्रथम दृष्टया खराब दृश्यता को जिम्मेदार माना है। बस शुक्रवार की रात को राजबिराज कस्बे से चली थी। नेपाल में सड़क हादसे अक्सर होते रहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां सड़क हादसों में हर साल लगभग 1,800 लोग जान से हाथ धो बैठते हैं। कई बार इन हादसों के लिए वाहनों के बुरे रख-रखाव और तय सीमा से ज्यादा यात्रियों का सफर करने को जिम्मेदार माना जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश