1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कोरोना वायरस की भविष्यवाणी करने वाले डॉक्टर की मौत, हुए थे पुलिस उत्पीड़न के शिकार

कोरोना वायरस की भविष्यवाणी करने वाले डॉक्टर की मौत, हुए थे पुलिस उत्पीड़न के शिकार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 07, 2020 07:23 am IST,  Updated : Feb 07, 2020 07:23 am IST

चीन में कोरोना वायरस के संक्रमण के बारे में चेतावनी देने वाले आठ विसल ब्लोअर में से एक चीनी डॉक्टर ली वेनलियांग की इस महामारी में मौत हो गई। हालांकि, वेनलियांग ने महामारी की जानकारी जब दी थी तब पुलिस ने उनका उत्पीड़न किया था।

कोरोना वायरस की भविष्यवाणी करने वाले डॉक्टर की मौत, हुए थे पुलिस उत्पीड़न के शिकार- India TV Hindi
कोरोना वायरस की भविष्यवाणी करने वाले डॉक्टर की मौत, हुए थे पुलिस उत्पीड़न के शिकार Image Source : TWITTER

बीजिंग: चीन में कोरोना वायरस के संक्रमण के बारे में चेतावनी देने वाले आठ विसल ब्लोअर में से एक चीनी डॉक्टर ली वेनलियांग की इस महामारी में मौत हो गई। हालांकि, वेनलियांग ने महामारी की जानकारी जब दी थी तब पुलिस ने उनका उत्पीड़न किया था। सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने बताया कि 34 वर्षीय वेनलियांग ने अन्य डॉक्टरों को महामारी के बारे में चेतावनी देने की कोशिश की थी और उनकी गुरुवार को वुहान में कोरोना वायरस की वजह से मौत हो गई। 

Related Stories

वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने पिछले साल दिसंबर में वुहान में कोरोना वायरस के सामने आने की जानकारी दी थी। वेनलियांग ने अपने चिकित्सा महाविद्यालय के साथियों को चीनी मैसेजिंग ऐप वीचैट पर बताया था कि स्थानीय सी फूड बाजार से आए सात मरीजों का सार्स जैसे संक्रमण का इलाज किया जा रहा है और उन्हें अस्पताल के पृथक वार्ड में रखा गया है। 

उन्होंने बताया कि परीक्षण में साफ हुआ है कि यह विषाणु कोरोना वायरस समूह का है। इसी समूह के सिवियर एक्यूट रेस्पीरेटरी सिंड्रोम (सार्स) विषाणु भी है जिसकी वजह से 2003 में चीन एवं पुरी दुनिया में 800 लोगों की मौत हुई थी। 

वेनलियांग ने अपने दोस्तों को कहा कि वे अपने परिजनों को निजी तौर पर इससे सतर्क रहने को कहें। हालांकि, यह संदेश कुछ घंटे में ही वायरल हो गया और पुलिस ने उन्हें अफवाह फैलाने वाला करार देकर प्रताड़ित किया था।

उनकी सेहत को लेकर पहले विरोधाभासी ख़बरें आईं थीं। पहले चीन के सरकारी मीडिया और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने उनकी मौत की ख़बर दी थी लेकिन बाद में वुहान सेंट्रल हॉस्पिटल ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनकी जान बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अब ये संकेत मिल रहे हैं कि बाद में आईं रिपोर्टें सरकारी अधिकारियों के आदेश पर जारी की गईं थीं जो जानकारियों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश