1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कोरोना वायरस: दुबई के हिंदू मंदिरों में नहीं मनाई जाएगी होली

कोरोना वायरस: दुबई के हिंदू मंदिरों में नहीं मनाई जाएगी होली

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 08, 2020 06:46 pm IST,  Updated : Mar 08, 2020 06:47 pm IST

गुरु दरबार सिंधी मंदिर (शिव मंदिर) के महाप्रबंधक गोपाल कोकनी ने कहा, “होली का उत्सव मनाने के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। हम दुबई स्वास्थ्य प्राधिकरण के नियमों के अनुसार एहतियाती कदम उठा रहे हैं।”

Holi- India TV Hindi
Representative Image Image Source : PTI

दुबई. कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए दुबई के जिले बुर दुबई के हिंदू मंदिरों ने होली का उत्सव नहीं मनाने का निर्णय किया है और विषाणु को फैलने से रोकने के लिए एक दूसरे पर रंग नहीं फेंकने का सुझाव दिया है। मीडिया में यह खबर आई है। शिव और कृष्ण मंदिरों के प्रबंधकों ने शनिवार को ‘गल्फ न्यूज’ को बताया कि इसके साथ ही श्रद्धालुओं और समुदाय के लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना के समय में कटौती और सैनिटाइजर देने जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

गुरु दरबार सिंधी मंदिर (शिव मंदिर) के महाप्रबंधक गोपाल कोकनी ने कहा, “होली का उत्सव मनाने के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। हम दुबई स्वास्थ्य प्राधिकरण के नियमों के अनुसार एहतियाती कदम उठा रहे हैं।” खबर में उन्हें उद्धृत करते हुए कहा गया, “सामान्यतः हम होली के पहले दिन (नौ मार्च) गोबर जलाकर होली का उत्सव मनाते हैं। हमने पहले से ही श्रद्धालुओं को कार्यक्रम रद्द होने की सूचना दे दी है।”

कोकनी ने कहा कि रंग न खेलने का सुझाव सभी हिंदू प्रवासियों के लिए है। श्रीनाथजी (कृष्ण) मंदिर के अध्यक्ष ललित करनी ने कहा कि नौ और दस मार्च को होली का उत्सव मनाने का कार्यक्रम सुरक्षा की दृष्टि से रद्द कर दिया गया है। श्रद्धालुओं को जारी एक सूचना में मंदिर प्रबंधन ने कहा, “जनता के लिए होली और ढोल उत्सव नहीं मनाया जाएगा।” सूचना में कहा गया, “हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे संक्रमण को फैलने से रोकने के वास्ते अनावश्यक एकत्रित न हों। मंदिर परिसर में रंग न फेंकें।” करनी ने कहा कि सोमवार को होलिका दहन और मंगलवार को रंग केवल भगवान कृष्ण को अर्पण करने के लिए खेला जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश