इस्लामाबाद: भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कोई न कोई अप्रिय घटना सामने आती रहती है। लेकिन दोनों देशों में कुछ लोग ऐसे भी है जो इस तनाव को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी ही कोशिशों को लेकर आजकल सुर्खियों में है पाकिस्तान की एक रेस्टोरेंट्स चेन। इस रेस्टोरेंट्स चेन ने वहां आए भारतीयों को फ्री खाना खिलाने की पेशकश की है।
गांधीगीरी की राह पर इकबाल
इस रेस्टोरेंट्स चेन का नाम है ‘द डंकिन डोनट्स’ और इसके मालिक है इकबाल लतीफ। इन्होंने पाकिस्तान में गांधीगीरी का रास्ता अपनाया है। ‘द डंकिन डोनट्स’ के इस्लामाबाद, लाहौर और पेशावर में 26 रेस्टोरेंट्स है। यहां शॉर्ट टर्म वीजा पर भारत से आए मेहमानों को फ्री खाना परोसा जा रहा है।
इकबाल लतीफ ने बताया, ‘मुंबई के भिंडी बाजार में पाकिस्तानी फैमिली को होटल न देने की रिपोर्टों के बाद हमने सभी हिंदुस्तानी मेहमानों का स्वागत करने का फैसला किया। हम मोहब्बत से शिवसेना को जवाब दे रहे है।’ आगे उन्होंने बताया कि उनके इस्लामाबाद के रेस्टोरेंट्स में अब तक 17 भारतीय मेहमान आए हैं, जबकि पेशावर के रेस्टोरेंट्स में दो भारतीय मेहमान पहुंचे हैं।
इकबाल कहते हैं कि अगर भारत महात्मा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी की शांति की नीति अपनाए तो दोनों देशों के बीच हालात सुधर सकते है।
पाकिस्तानी फैमिली को भारत में नहीं मिला था होटल
मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में पिछले दिनों कराची के 6 लोगों के परिवार को होटल मालिकों ने रूम नहीं दिया। क्योंकि उनक पास एक जरूरी फॉर्म नहीं था। इस वजह से उन सभी को रेलवे स्टेशन और फुटपाथ पर सोकर रात गुजारनी पड़ी थी। इसके बाद लतीफ को यह अनूठी पहल करने की सूझी और उन्होंने हिंदुस्तानी मेहमानों का स्वागत करने का फैसला किया।