1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इंडोनेशिया ने ड्रैगन को दिखाई आंख, अपने इकनॉमिक जोन में घुसे चीन के जहाज को भगाया

इंडोनेशिया ने ड्रैगन को दिखाई आंख, अपने इकनॉमिक जोन में घुसे चीन के जहाज को भगाया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 15, 2020 06:20 pm IST,  Updated : Sep 15, 2020 06:20 pm IST

दक्षिणी चीन सागर में ड्रैगन की दादागिरी को इस बार इंडोनेशिया ने जबर्दस्त चोट पहुंचाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडोनेशिया ने अपने एक्सक्लूसिव इकनॉमिक जोन में घुस आए एक चीनी जहाज का जबर्दस्त विरोध करते हुए उसे वहां से भागने पर मजबूर कर दिया।

Chinese ship, Chinese ship Indonesia, Indonesia Chinese ship, Indonesia China- India TV Hindi
इंडोनेशिया ने अपने एक्सक्लूसिव इकनॉमिक जोन में घुस आए एक चीनी जहाज का जबर्दस्त विरोध करते हुए उसे वहां से भागने पर मजबूर कर दिया। Image Source : INDONESIAN MARITIME SECURITY AGENCY

जकार्ता: दक्षिणी चीन सागर में ड्रैगन की दादागिरी को इस बार इंडोनेशिया ने जबर्दस्त चोट पहुंचाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडोनेशिया ने अपने एक्सक्लूसिव इकनॉमिक जोन में घुस आए एक चीनी जहाज का जबर्दस्त विरोध करते हुए उसे वहां से भागने पर मजबूर कर दिया। बताया जा रहा है कि इंडोनेशिया के एक गश्ती जहाज ने उस चीनी तटरक्षक जहाज का विरोध किया जो लगभग 3 दिन से इस इलाके में घुसा हुआ था। यह इलाका विवादित दक्षिण चीन सागर के चीन के दावों वाले क्षेत्र से दक्षिणी हिस्से के पास स्थित है। बता दें कि चीन इस क्षेत्र के तमाम ऐसे इलाकों पर अपना दावा करता है, जो किसी दूसरे देश के नियंत्रण में हैं।

चीनी जहाज के बारे में शुक्रवार को पता लगा

इंडोनेशियाई समुद्री सुरक्षा एजेंसी को चीन के जहाज 5204 के इंडोनेशियाई विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में प्रवेश करने के बारे में पता शुक्रवार रात में चला था। विशेषज्ञों का कहना है कि चीन की यह हरकत इंडोनेशिया के लिए नई चुनौतियां पेश कर सकती है। इस इलाके को इंडोनेशिया उत्तर नातुना जल क्षेत्र कहता है और इसे अपना एक्सक्लूसिव इकनॉमिक जोन मानता है। इंडोनेशियाई समुद्री सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख आन कुर्निया ने बताया कि एजेंसी ने एक गश्ती जहाज को चीनी तट रक्षक जहाज से एक किलोमीटर के दायरे में भेजा और दोनों पक्षों के बीच क्षेत्र में अपने-अपने देशों के दावों के बारे में बातचीत की गई। 

जनवरी में इंडोनेशिया ने तैनात किए थे लड़ाकू विमान
आन कुर्निया ने कहा, ‘हमने चीन के जहाज को उस इलाके से हटने के लिए कहा क्योंकि वह इंडोनेशिया का विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र है। लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह चीन का ‘नाइन-डैश लाइन’ क्षेत्र है। जहाज पर तैनात हमारे अधिकारियों ने उनसे तब तक बहस की जब तक वे वहां से चले नहीं गए।’ कुर्निया ने इस घटना की जानकारी इंडोनेशियाई मंत्रियों को दी। उन्होंने कहा, ‘अंतत: चीन तटरक्षक जहाज सोमवार पूर्वाह्न 11 बजकर 20 मिनट पर उत्तर नातुना से निकल गया।’ बता दें कि इससे पहले इंडोनेशिया ने नातुना के पास स्थित समुद्री इलाकों में चीन की गतिविधियों को देखते हुए लड़ाकू विमानों और युद्धक जहाजों की तैनाती भी की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश