1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जापान: टोक्यो की ट्रेन में युवक ने 17 लोगों को मारे चाकू, कोच में आग लगाई

जापान: टोक्यो की ट्रेन में युवक ने 17 लोगों को मारे चाकू, कोच में आग लगाई

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 01, 2021 07:16 am IST,  Updated : Nov 01, 2021 08:09 am IST

टोक्यो में ट्रेन के अंदर चाकू से हमले की दो महीने में यह दूसरी घटना है। इससे पहले अगस्त में टोक्यो ओलंपिक के समापन समारोह से एक दिन पहले 36 वर्षीय व्यक्ति ने एक यात्री ट्रेन में 10 लोगों को चाकू मार दिया था। संदिग्ध ने बाद में पुलिस को बताया था कि वह खुश दिख रही एक महिला पर हमला करना चाहता था।

टोक्यो. जापान के टोक्यो में रविवार को एक यात्री ट्रेन के डिब्बे में एक व्यक्ति ने कई लोगों पर चाकू से हमला कर दिया और फिर ट्रेन के डिब्बे में आग लगा दी। टोक्यो अग्निशमन विभाग ने बताया कि घटना में कम से कम 17 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से तीन की हालत नाजुक है। NHK टेलीविजन ने बताया कि हमलावर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, उसके बारे में अभी यही पता चल पाया है कि उसकी आयु 20 साल के आसपास है और मामले की जांच जारी है।

टोक्यो पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि घटना कोकुरयो स्टेशन के निकट केइयो ट्रेन के अंदर हुई। हमलावर की मंशा का तत्काल पता नहीं चल पाया है। टेलीविजन फुटेज में कई अग्निशामक, पुलिस अधिकारी और पैरामेडिकलकर्मी यात्रियों को बचाते हुए दिख रहे हैं, कई यात्री ट्रेन की खिड़कियों से कूद कर भागते हुए दिख रहे हैं। एक वीडियो में, एक और डिब्बे से यात्री भागते हुए दिख रहे हैं, जहां आग की लपटें उठ रही थीं।

NHK द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, संदिग्ध ने यात्रियों को चाकू मारने के बाद तेल जैसा तरल पदार्थ डाला और आग लगा दी। वीडियो बनाने वाले शुनसुके किमुरा ने NHK को बताया कि उन्होंने यात्रियों को भागते हुए देखा और जब उन्होंने यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या हुआ है, तो उन्होंने धमाके की आवाज सुनी और धुआं उठता देखा। टोक्यो में ट्रेन के अंदर चाकू से हमले की दो महीने में यह दूसरी घटना है। इससे पहले अगस्त में टोक्यो ओलंपिक के समापन समारोह से एक दिन पहले 36 वर्षीय व्यक्ति ने एक यात्री ट्रेन में 10 लोगों को चाकू मार दिया था। संदिग्ध ने बाद में पुलिस को बताया था कि वह खुश दिख रही एक महिला पर हमला करना चाहता था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश