1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इमरान खान ने कहा, नवाज शरीफ 'सियार' हैं और पाक फौज में 'बगावत' भड़काने की कोशिश कर रहे हैं

इमरान खान ने कहा, नवाज शरीफ 'सियार' हैं और पाक फौज में 'बगावत' भड़काने की कोशिश कर रहे हैं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 07, 2020 07:06 pm IST,  Updated : Nov 07, 2020 07:06 pm IST

इमरान खान ने कहा है कि नवाज शरीफ और उनके बेटों में मुल्क में रहकर पाकिस्तानी फौज पर हमला करने की हिम्मत नहीं हैं, इसलिए वे विदेश भाग गए।

Imran Khan Nawaz Sharif Jackal, Imran Khan, Nawaz Sharif, Pakistan Nawaz Sharif, Pakistan- India TV Hindi
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि नवाज शरीफ लंदन में एक 'सियार' की तरह बैठे हैं और फौज पर निशाना साध रहे हैं। Image Source : AP FILE

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पीएमएल-एन के सुप्रीमो नवाज शरीफ को ‘सियार’ बताते हुए कहा कि वह फौज पर मुल्क की सियासत में शामिल होने का आरोप लगाकर तथा सैन्य और ISI के नेतृत्व में बदलाव की मांग कर सेना में 'बगावत' भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। पाकिस्तान के 3 बार के पूर्व प्रधानमंत्री 70 वर्षीय शरीफ फिलहाल लंदन में हैं और उन्होंने पिछले महीने सीधे तौर पर सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा और ISI प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद पर खान की जीत सुश्निचित करने के लिए 2018 के आम चुनाव में दखलअंदाजी का आरोप लगाया था।

‘लंदन में सियार की तरह बैठे हैं नवाज शरीफ’

बता दें कि शरीफ को 2017 में भ्रष्टाचार के मामले में अदालत के आदेश के बाद पद से हटना पड़ा था। उन्होंने पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (PDM) के बैनर तले विपक्षी पार्टियों की संयुक्त रैली में 16 अक्टूबर को उक्त आरोप लगाए थे। प्रधानमंत्री खान ने कहा कि शरीफ लंदन में एक 'सियार' की तरह बैठे हैं और फौज पर निशाना साध रहे हैं। खान ने खैबर पख्तूनख्वा के मिंगोरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पाकिस्तानी फौज पर सियासत में शामिल होने और सेना एवं ISI के प्रमुखों को बदलने की मांग करके फौज में 'बगावत' भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।

‘नवाज शरीफ पैसे की पूजा करते हैं’
ताकतवर फौज ने पाकिस्तान के अस्तित्व के आधे से ज्यादा समय देश पर हुकूमत की है। उसका अब भी सुरक्षा और विदेश नीति के मामलों में काफी दखल है। बहरहाल, सेना ने मुल्क की राजनीति में दखलअंदाजी करने से इनकार किया है। प्रधानमंत्री खान ने भी इन इल्जामों का खंडन किया है कि फौज ने 2018 के चुनाव में उनकी मदद की थी। डॉन अखबार की खबर के मुताबिक, खान ने कहा कि नवाज शरीफ बीमारी का बहाना बना कर देश से भाग गए। वह ‘पैसे की पूजा’ करते हैं और उन्होंने देश को लूट कर अपनी दौलत जमा की है। पीएमएल-एन के प्रमुख भ्रष्टाचार के कई आरोपों का सामना कर रहे हैं और फिलहाल जमानत पर हैं।

‘मरयम नवाज महिला होने का फायदा उठा रही हैं’
इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने पिछले साल नवंबर में उन्हें इलाज के लिए लंदन जाने की इजाजत दी थी, लेकिन वह वापस नहीं आए, जबकि उनके वकीलों ने अदालत से कहा कि वह अभी ठीक हो रहे हैं। खान ने फौज पर राजनीति में दखलअंदाजी करने का आरोप लगाने वाली शरीफ की बेटी मरयम नवाज पर भी हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक महिला होने का फायदा उठा रही हैं, क्योंकि महिलाओं का पाकिस्तान में सम्मान किया जाता है।

‘मरियम इसलिए फौज के खिलाफ जहर उगल रही हैं’
खान ने कहा, ‘नवाज शरीफ और उनके बेटों में मुल्क में रहकर पाकिस्तानी फौज पर हमला करने की हिम्मत नहीं हैं। इसलिए वे विदेश भाग गए। मरयम नवाज जानती हैं कि हम उन्हें महिला होने की वजह से जेल नहीं भेजेंगे। इसलिए वह फौज के खिलाफ ज़हर उगल रही हैं।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी भ्रष्ट सियासतदानों को सेना पर आरोप लगाने की इजाजत कभी नहीं देंगे। पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट के तहत साथ आने वाले ‘भ्रष्ट नेताओं’ को फटाकरते हुए खान ने कहा कि चोरों और लूटेरों का एक समूह इकट्ठा हुआ है जो देश को लूटने के बाद विशेष रियायतों की मांग रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश