नेपाल: नेपाल में शनिवार को आए विनाशकारी भूकंप के बाद लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स और फिर बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। कई लोग लगातार आ रहे झटकों की वजह से अपने घर में जाने से डर रहे हैं और खुले में रात बिताने को मजबूर हैं। कुछ स्वंयसेवी संस्थाएं और स्वामी रामदेव के पतंजलि योगपीठ की तरफ से लोगों को खाना और पानी दिया जा रहा है लेकिन लोगों के सब्र का बांध टूट रहा है और लोग खाने के लिए झगड़ा कर रहे हैं।
भूकंप के बाद हज़ारों की तादाद में लोग काठमांडू के इस टुंडीखल मैदान में शरण लेने को मजबूर हैं। एक-एक टेंट में दर्जनों लोग जैसे-तैसे आसमानी आफत से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उनके पास ना तो खाने को कोई सामान है और ना ही पीने को पानी है। छोटे-छोटे बच्चे, बड़े-बुज़ुर्ग, महिलाओं के लिए टेन्ट ही इकलौता जरिया है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक नेपाल में बारिश की भविष्यवाणी की है।