1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. श्रीलंका में कोविशील्ड टीके के अब तक कोई दुष्प्रभाव नहीं दिखे, भारत में आए थे साइड इफेक्ट्स के केस

श्रीलंका में कोविशील्ड टीके के अब तक कोई दुष्प्रभाव नहीं दिखे, भारत में आए थे साइड इफेक्ट्स के केस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 30, 2021 06:23 pm IST,  Updated : Jan 30, 2021 06:23 pm IST

भारत द्वारा उपलब्ध कराया गया ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका का टीका कोविशील्ड शुक्रवार को श्रीलंका के 5,286 लोगों को लगाया गया था।

Covishield vaccination, Covishield vaccines, Covishield vaccine Sri Lanka- India TV Hindi
भारत द्वारा उपलब्ध कराया गया ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका का टीका कोविशील्ड शुक्रवार को श्रीलंका के 5,286 लोगों को लगाया गया था। Image Source : AP

कोलंबो: भारत द्वारा उपलब्ध कराया गया ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका का टीका कोविशील्ड शुक्रवार को श्रीलंका के 5,286 लोगों को लगाया गया था। देश के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जिन लोगों को वैक्सीन दी गई, उनमें कोई प्रतिकूल प्रतिक्रिया या दुष्प्रभाव देखने को नहीं मिले हैं। बता दें कि भारत में वैक्सीन का कुछ लोगों में थोड़ा-बहुत दुष्प्रभवा देखने को मिला था। श्रीलंका ने अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों, सैनिकों और सुरक्षा कर्मियों को कोरोना वायरस का टीका लगाने के राष्ट्रीय कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान की शुक्रवार को शुरूआत की थी। भारत ने श्रीलंका को कोविशील्ड टीके की 5 लाख खुराक उपहार में दी थी।

श्रीलंका ने आपात इस्तेमाल की मंजूरी दी

टीकाकरण अभियान के पहले दिन श्रीलंका में 5,286 लोगों को टीका लगाया गया था। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों में टीके के कोई दुष्प्रभाव नहीं देखे गए है। श्रीलंका सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के टीके कोविशील्ड के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दी थी। कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद ICU में भर्ती श्रीलंका की स्वास्थ्य मंत्री पवित्रा वन्नियाराच्ची ने अस्पताल से जारी एक बयान में श्रीलंका को मुफ्त में टीके की खुराक उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार को धन्यवाद दिया।

देश में कोरोना से अब तक 305 लोगों की मौत
बता दें कि भारत ने श्रीलंका को कोविशील्ड टीके ‘नेबरहुड फर्स्ट नीति’ के तहत प्रदान किए हैं। टीके की खेप में 42 बक्से थे। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने भी भारत की उदारता के लिए गुरुवार को उसका आभार व्यक्त किया था। टीके की खेप प्राप्त करने के दौरान राजपक्षे के साथ हवाईअड्डे पर कोलंबो में भारत के राजदूत गोपाल बागले भी मौजूद थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले टीके कोलंबो में सेना के अस्पताल में 3 सैनिकों को दिए गए। श्रीलंका में कोरोना वायरस से संक्रमण के अब तक कुल 62,000 से अधिक मामले सामने आए हैं और इस घातक बीमारी से 305 लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश