पाकिस्तान की पंजाब प्रांत की सरकार ने आतंकी हाफिज सईद के प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा और फलाह-ए-इंसानियत के मुख्यालय को अपने नियंत्रण में ले लिया है। यह कार्रवाई हाफिज के इन दोनों संगठनों पर प्रतिबंध लगाए जाने के एक दिन बाद की गई है। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना द्वारा बालाकोट में एयरस्ट्राइक करने और उसके बाद पैदा हुए हालात के मद्देनजर पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव है कि वह अपनी धरती पर चल रहे आतंकवाद की फैक्ट्रियों को बंद करे। पाकिस्तान सरकार द्वारा आतंकी संगठनों पर बैन और उनसे जुड़े कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की कार्रवाई इसी कवायद का हिस्सा है।
Related Stories
उधऱ, संयुक्त राष्ट्र ने भी जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद की अपील खारिज कर दी है। हाफिज सईद ने संयुक्त राष्ट्र में खुद को प्रतिबंध व्यवस्था से हटाए जाने को लेकर अपील की थी। हाफिज सईद मुंबई में हुए 26/11 हमले का मास्टरमाइंड है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हाफिज सईद की अपील के खिलाफ भारत ने विरोध किया था, भारत के अलावा फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन ने भी हाफिज सईद की अपील का विरोध किया, हालांकि पाकिस्तान की तरफ से कोई विरोध नहीं किया गया। लेकिन इसके बावजूद भारत को मिले समर्थन को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने हाफिज सईद की अपील को खारिज कर दिया।