1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: कोरोना वायरस से निपटने के लिए 3 प्रांतों ने सेना मांगी

पाकिस्तान: कोरोना वायरस से निपटने के लिए 3 प्रांतों ने सेना मांगी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 22, 2020 07:17 pm IST,  Updated : Mar 22, 2020 07:17 pm IST

पाकिस्तान में कोरोना वायरस के प्रकोप के बढ़ने के साथ देश के तीन प्रांतों सिंध, बलूचिस्तान और पंजाब ने बीमारी से निपटने में नागरिक प्रशासन की मदद के लिए सेना तैनात करने की मांग की है।

पाकिस्तान: कोरोना वायरस से निपटने के लिए 3 प्रांतों ने सेना मांगी- India TV Hindi
पाकिस्तान: कोरोना वायरस से निपटने के लिए 3 प्रांतों ने सेना मांगी

इस्लामाबाद | पाकिस्तान में कोरोना वायरस के प्रकोप के बढ़ने के साथ देश के तीन प्रांतों सिंध, बलूचिस्तान और पंजाब ने बीमारी से निपटने में नागरिक प्रशासन की मदद के लिए सेना तैनात करने की मांग की है। पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदर ने संघीय सरकार से प्रांत में सेना तैनात करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति है, ऐसे में सभी को मिलकर इस चुनौती का सामना करना होगा।

उन्होंने बताया कि कोरोना से निपटने के लिए पंजाब में पांच विशेष अस्पताल बनाए जा रहे हैं। प्रांत में खाने-पीने के किसी भी सामान की किल्लत नहीं है। सरकार के आदेशों को लागू करने में नागरिक प्रशासन को सेना की मदद की जरूरत पड़ सकती है।

बलूचिस्तान सरकार ने भी प्रांत में कोरोना वायरस से निपटने के लिए सेना तैनात करने में संघीय सरकार से मदद मांगी है। प्रांत की सरकार ने इस आग्रह का पत्र संघीय गृह मंत्रालय को भेजा है।

सिंध सरकार ने भी संघीय सरकार से फौज की मदद उपलब्ध कराने को कहा है। सिंध की सरकार ने कहा है कि वह प्रांत में लॉकडाउन करने जा रही है। ऐसे में हालात पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए सेना की मदद चाहिए। लॉकडाउन की स्थिति में बिना जरूरत घर से निकलने वालों को हिरासत में लिया जा सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश