बैंकॉक: थाइलैंड के राजा महा वजीरालोंगकोर्न का राज्याभिषेक मई की शुरुआत में किया जाएगा। इसके लिए तीन दिन का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। महा वजीरालोंगकोर्न के पिता भूमिबोल अदुल्यादेज के निधन के करीब ढाई साल बाद उनके उत्तराधिकारी का राज्याभिषेक होने जा रहा है। अक्टूबर 2016 में अपने पिता के निधन के बाद 66 साल के महा वजीरालोंगकोर्न ने अप्रत्यक्ष तौर पर राजगद्दी संभाली थी। इससे दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश थाइलैंड में तख्तापलट और हिंसक प्रदर्शनों के करीब सात दशक लंबे काल का अंत हुआ था।
Related Stories
महा वजीरालोंगकोर्न को औपचारिक तौर पर चाकरी वंश के रमा दशम के नाम से जाना जाता है। माना जाता है कि अपने पिता के निधन के बाद उन्होंने अपने महल से जुड़े मामलों को कुशलता से संभाला है। उन्होंने अपनी सुरक्षा मजबूत की है और राजघराने की अरबों डॉलर की संपत्ति की कमान अपने हाथों में ले ली है। दुनिया के सबसे अमीर राजघरानों में शुमार थाइलैंड के राजघराने की आलोचना करना बहुत मुश्किल है। इसके आलोचकों पर मानहानि का मुकदमा चलाया जाता है जिसमें दोषी पाए जाने पर प्रति आरोप 15 वर्ष जेल की सजा का प्रावधान है।
टीवी पर प्रसारित घोषणा में रॉयल हाउसहोल्ड ब्यूरो ने कहा कि राज्याभिषेक चार और छह मई के बीच किया जाएगा। ब्यूरो ने कहा, ‘‘परंपरा और राष्ट्रीय जश्न एवं लोगों के आनंद को देखते हुए यह राज्याभिषेक के लिए उचित समय है।’’ राज्याभिषेक समारोह में राज परिवार के सदस्य, कैबिनेट के सदस्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।