इस्लामाबाद: जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के मोदी सरकार के फैसले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मदद मांगने के लिए विश्व के नेताओं से बात की लेकिन सभी जगहों से उनको केवल निराशा और हताशा ही हाथ लगी। इसी बीच अमेरिका ने पाकिस्तान को एक खुशखबरी दी।
Related Stories
अमेरिका ने अपने यहां पाकिस्तानी राजनयिकों और कर्मचारियों की आवाजाही पर पिछले साल लगाये गये प्रतिबंधों को हटा लिया है। अमेरिकी पाबंदियों के तहत पाकिस्तानी राजनयिकों के उनके पदस्थापना वाले शहरों से 25 मील से अधिक दूर जाने पर रोक लगा दी गई थी।
अगर उन्हें किसी अन्य शहर में जाना होता था तो विदेश विभाग से पांच दिन पहले अनुमति मांगनी होती थी। पाकिस्तान ने भी अमेरिकी राजनयिकों पर इसी तरह यात्रा पाबंदियों की घोषणा की थी।
डॉन अखबार की रिपोर्ट के अनुसार इस्लामाबाद ने भी अमेरिका के कदम के बाद पाकिस्तान में अमेरिकी राजनयिकों की सुविधाएं बहाल कर दी हैं।
अभी तक पाकिस्तान के विदेश विभाग ने इस घटनाक्रम पर टिप्पणी नहीं की है। प्रधानमंत्री इमरान खान के पिछले महीने हुए अमेरिका दौरे के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।