1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन ने अमेरिका से ‘ताकत का गलत इस्तेमाल नहीं करने की’ अपील की

चीन ने अमेरिका से ‘ताकत का गलत इस्तेमाल नहीं करने की’ अपील की

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 04, 2020 08:52 pm IST,  Updated : Jan 04, 2020 08:52 pm IST

चीन के विदेशमंत्री वांग यी ने शनिवार को अपने ईरानी समकक्ष से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका को ताकत का ‘‘गलत’’ इस्तेमाल नहीं करना चाहिए बल्कि उसे बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए।

Wang Yi, america, iran, China- India TV Hindi
Wang Yi, Foreign Minister of the People's Republic of China (File Photo)

बीजिंग: चीन के विदेशमंत्री वांग यी ने शनिवार को अपने ईरानी समकक्ष से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका को ताकत का ‘‘गलत’’ इस्तेमाल नहीं करना चाहिए बल्कि उसे बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए। चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार वांग ने शुक्रवार को इराक में ईरान के शीर्ष कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का हवाला देते हुए जावद जरीफ से कहा, ‘‘घातक अमेरिकी सैन्य अभियान अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मूल नियमों का उल्लंघन करता है और इससे क्षेत्र में तनाव तथा अशांति बढ़ेगी।’’ 

बगदाद में शुक्रवार तड़के अमेरिकी ड्रोन हमले में कुद्स फोर्स के प्रमुख सुलेमानी की मौत हो गई थी। अमेरिका के इस कदम से क्षेत्र में अमेरिका एवं ईरान के बीच तनाव बढ़ने की आशंका है। ईरान ने इसका बदला लेने की बात कही है, वहीं चीन समेत कई देशों ने शांति बनाए रखने की अपील की है। मंत्रालय के अनुसार वांग ने जरीफ से बातचीत में कहा, ‘‘चीन अंतरराष्ट्रीय संबंधों में अधिक बल प्रयोग का विरोध करता है। सैन्य तरीकों के इस्तेमाल और अत्यंत दबाव बनाने का कोई मतलब नहीं है।’’ 

चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य और ईरान का अहम सहयोगी है। वह ईरान से तेल का प्रमुख खरीदार है। पिछले सप्ताह ईरान, चीन और रूस ने ओमान की खाड़ी में संयुक्त नौसेना अभ्यास किया था और इस सप्ताह ईरान के विदेश मंत्री ने बीजिंग की यात्रा की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश