1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में घुसकर अफगानी एयरफोर्स का ISIS आतंकियों के ठिकानों पर हमला, तालिबान ने किया बदला लेने का दावा

पाकिस्तान में घुसकर अफगानी एयरफोर्स का ISIS आतंकियों के ठिकानों पर हमला, तालिबान ने किया बदला लेने का दावा

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 01, 2026 06:16 am IST,  Updated : Jul 01, 2026 08:11 am IST

अफगानिस्तान एयरफोर्स ने पाकिस्तान में घुसकर ISIS के अड्डों पर हवाई हमला किया है। अफगानिस्तान ने ये एयरस्ट्राइक बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वाह में ISIS के ठिकानों पर की है।

अफगान एयरफोर्स ने...- India TV Hindi
अफगान एयरफोर्स ने पाकिस्तान में ISIS के ठिकानों पर बमबारी की। Image Source : AP (प्रतीकात्मक फोटो)

अफगानिस्तान ने दावा किया है कि उसकी एयरफोर्स ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर ISIS के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की है। ये हमले बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वाह में ISIS के ठिकानों पर किए गए हैं। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि अफगान रक्षा मंत्रालय की वायुसेना ने बलूचिस्तान के पशीन जिले के सरानन इलाके में मौजूद ISIS के चरमपंथियों के सेंटर पर हवाई बमबारी की है।

अफगानिस्तान ने किया 36 नागरिकों की मौत का बदला लेने का दावा

हालांकि, पाकिस्तान की तरफ से अभी इस पर कोई बयान नहीं आया है। इससे पहले पाकिस्तान ने बीते 29 जून को अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी, जिसमें 36 नागरिकों की मौत हो गई थी। इसमें 160 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इसके बाद अफगानिस्तान ने इसका जवाब देने की बात कही थी। और अब अफगानिस्तान ने बदला लेने का दावा किया है।

आतंकवादी अड्डों पर अफगानिस्तान ने बरसाए बम

अफगानी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह एक्शन उन आतंकवादी अड्डों को टारगेट बनाकर किया गया, जहां से अफगानिस्तान के विरुद्ध आतंकवादी गतिविधियों की प्लानिंग की जा रही थी। मंत्रालय का कहना है कि यह एयरस्ट्राइक पूरी तरह खुफिया जानकारी के आधार पर चलाई गई और इसका मकसद सिर्फ ISIS के ठिकानों को तबाह करना था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र तौर पर अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है।

नेशनल सिक्योरिटी से समझौता नहीं करेगा अफगानिस्तान

अफगानिस्तान की तरफ से ये भी कहा गया कि देश अपनी नेशनल सिक्योरिटी से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। सरहद पार मौजूद आतंकवादी खतरों का जवाब देने के लिए जरूरी कदम उठाता रहेगा। अफसरों का कहना है कि अगर भविष्य में भी अफगानिस्तान की सिक्योरिटी को खतरा पैदा हुआ तो इसी प्रकार की कार्रवाई की जा सकती है।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच बढ़ रही टेंशन

गौरतलब है कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच हाल के महीनों में सरहद पार सुरक्षा और आतंकवाद को लेकर टेंशन लगातार बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान लंबे वक्त से आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान की भूमि का प्रयोग उसके खिलाफ आतंकवादी संगठन करते हैं, जबकि अफगानिस्तान इन आरोपों को नकारते हुए पाकिस्तान पर उनकी जमीन पर कब्जा और संप्रभुता का उल्लंघन करने का आरोप लगाता रहा है। ताजा घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान-अफगानिस्तान के रिश्तों में और ज्यादा टेंशन बढ़ने की आशंका है।

ये भी पढ़ें- अफगानिस्तान पर PAK की एयर स्ट्राइक को लेकर भारत ने दी प्रतिक्रिया, बताया- 'खुद की नाकामियों को दूसरों पर मढ़ने की कोशिश'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश