1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Al Zawahiri Killed: पेशे से सर्जन था मारा गया आतंकी अल जवाहिरी, सऊदी में हुई थी लादेन से मुलाकात, जानें उसके बारे में

Al Zawahiri Killed: पेशे से सर्जन था मारा गया आतंकी अल जवाहिरी, सऊदी में हुई थी लादेन से मुलाकात, जानें उसके बारे में

 Published : Aug 02, 2022 07:31 am IST,  Updated : Aug 02, 2022 12:21 pm IST

Al Zawahiri Killed: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बताया कि अफगानिस्तान के काबुल में सफलतापूर्वक ड्रोन स्ट्राइक की गई, जिसमें अलकायदा का सरगना अयमान अल-जवाहिरी मारा गया।

Al Zawahiri- India TV Hindi
Al Zawahiri Image Source : INDIA TV GFX

Highlights

  • जवाहिरी की शादी में फोटोग्राफर और संगीतकार पर था प्रतिबंध
  • शादी में पुरुषों को महिलाओं से अलग रखा गया था, हंसने पर भी थी मनाही
  • 2001 में अल जवाहिरी ने EIJ को अलकायदा में विलय कर दिया था

Al Zawahiri Killed: दुनियाभर में आतंकियों के खिलाफ लगातार अभियान चल रहे हैं। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। आतंकी संगठन अलकायदा का प्रमुख अल जवाहिरी (Al Zawahiri) मारा गया है। अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) ने अफगानिस्तान में ड्रोन हमले में उसे मार गिराया है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है और कहा कि शनिवार को मेरे निर्देश पर अफगानिस्तान के काबुल में सफलतापूर्वक ड्रोन स्ट्राइक की गई, जिसमें अलकायदा का सरगना अयमान अल-जवाहिरी (Ayman Al Zawahiri) मारा गया। अब न्याय मिल चुका है। बता दें कि जवाहिरी ने साल 2011 में अलकायदा के संस्थापक ओसामा बिन लादेन (Osama Bin Laden) की मौत के बाद इस आतंकी संगठन का जिम्मा संभाला था। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल जवाहिरी (Ayman Al Zawahiri) अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार आने के बाद से ही काबुल में था। हालांकि अमेरिका द्वारा की गई इस कार्रवाई से तालिबान भड़का हुआ नजर आ रहा है और कह रहा है कि ये दोहा समझौते का उल्लंघन है।

मिस्र में हुआ जन्म, अरबी और फ्रेंच का था जानकार

दुनियाभर में दहशत का दूसरा नाम बन चुके अल जवाहिरी (Al Zawahiri) का जन्म 19 जून 1951 को मिस्र के एक संपन्न परिवार में हुआ था। वह अरबी और फ्रेंच भाषा बोलता था और पेशे से एक सर्जन था। जब वह 14 साल का था, तभी मुस्लिम ब्रदरहुड का सदस्य बन गया था।

दर्शनशास्त्र की छात्रा अजा नोवारी से की शादी

अल जवाहिरी (Al Zawahiri) ने साल 1978 में काहिरा विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र की छात्रा अजा नोवारी से निकाह किया था। हैरानी की बात ये है कि कॉन्टिनेंटल होटल में हुई इस शादी में ना ही कोई फोटोग्राफर था और ना ही संगीतकार। यहां हंसना भी मना था और पुरुषों को महिलाओं से अलग रखा गया था। 

बालकनी पर आने की आदत की वजह से मारा गया अल जवाहिरी

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि जवाहिरी की सबसे बड़ी गलती ये थी कि उसकी आदत बार-बार अपने घर की बालकनी पर आने की थी। बालकनी पर आने की उसकी इसी आदत की वजह से सीआईए के अधिकारियों को आइडिया आया और उन्होंने रिपर ड्रोन से हेलफायर मिसाइल दागकर जवाहिरी का काम तमाम कर दिया। बता दें कि अल जवाहिरी (Al Zawahiri) मिस्र में इस्लामिक हुकूमत कायम करना चाहता था, इसीलिए उसने इजिप्टियन इस्लामिक जिहाद यानी EIJ का गठन किया था। इस संगठन ने 1970 में मिस्र में सेक्युलर शासन के खिलाफ विरोध जताया था। हालांकि साल 1981 में मिस्र के राष्ट्रपति अनवर सादात की हत्या के बाद जवाहिरी को जेल में डाल दिया गया था और यातनाएं दी गई थीं। इसके बाद वह 3 साल जेल में रहा और फिर सऊदी अरब चला गया।

सऊदी में मेडिसन विभाग में प्रैक्टिस करता था अल जवाहिरी

मिस्र से सऊदी आने के बाद जवाहिरी एक मेडिसिन विभाग में प्रैक्टिस करता था। यहीं उसकी मुलाकात अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन (Osama Bin Laden) से हुई थी। साल 1985 के दौर में लादेन और जवाहिरी के बीच रिश्ते मजबूत हुए थे। ये वो समय था, जब लादेन और जवाहिरी पाकिस्तान के पेशावर में थे। साल 2001 में अल जवाहिरी ने EIJ को अलकायदा में विलय कर दिया था। 

जवाहिरी पर 9/11 हमले का आरोप था

अल जवाहिरी (Al Zawahiri) पर अमेरिका में 9/11 हमले का आरोप था। बता दें कि 11 सितंबर 2001 को 19 आतंकियों ने 4 कॉमर्शियल प्लेन हाइजैक कर लिए थे और उसको अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर टकरा दिया था। इस हमले में करीब 3 हजार लोगों की मौत हुई थी, जिसमें 90 से ज्यादा देशों के लोग शामिल थे। अमेरिकी जांच एजेंसियों ने इस हमले में लादेन और जवाहिरी समेत अलकायदा के आतंकियों को आरोपी बनाया था। 

अमेरिका ने पहले भी कई बार की जवाहिरी को मारने की कोशिश

अमेरिका ने पहले भी कई बार जवाहिरी (Al Zawahiri) को मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। साल 2001 में जब जवाहिरी के अफगानिस्तान के तोरा बोरा में छिपे होने की सूचना मिली थी, तब भी अमेरिका ने उसे मारने की कोशिश की थी लेकिन हमले से पहले भी वह बच निकला था। हालांकि, इस हमले में उसकी बीवी और बच्चों की मौत हो गई थी। इसके बाद साल 2006 में जवाहिरी के पाकिस्तान के दामदोला में छिपे होने की सूचना मिली थी। तब भी अमेरिका ने उस पर मिसाइल हमला किया था। लेकिन हमले से पहले ही जवाहिरी भाग निकला था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश