1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना पर यूनुस सरकार के तख्तापलट की साजिश का मुकदमा, सेना पर भी लगे आरोप

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना पर यूनुस सरकार के तख्तापलट की साजिश का मुकदमा, सेना पर भी लगे आरोप

 Published : Mar 29, 2025 02:19 pm IST,  Updated : Mar 29, 2025 02:19 pm IST

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर नया मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बार उन पर मोहम्मद यूनुस की मौजूदा कार्यवाहक सरकार के तख्तापलट की साजिश रचने का आरोप है।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और अंतरिम सरकार के प्रमुख मो. यूनुस।- India TV Hindi
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और अंतरिम सरकार के प्रमुख मो. यूनुस। Image Source : AP

ढाका: बांग्लादेश पुलिस ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और 72 अन्य लोगों पर गृह युद्ध छेड़कर मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार को हटाने की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों और मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हां, हमारे आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने मौजूदा सरकार को गिराने की साजिश रचने के आरोप में ढाका के मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में मामला दर्ज किया है।’’

अदालत ने मामले का संज्ञान लेकर सीआईडी ​​को बृहस्पतिवार को जांच शुरू करने को कहा। सीआईडी ​​ने 19 दिसंबर, 2024 को हुई एक ऑनलाइन बैठक के बारे में जानकारी मिलने के बाद यह मामला दर्ज किया। इस बैठक में भाग लेने वालों ने ‘जॉय बांग्ला ब्रिगेड’ नामक एक मंच बनाया और गृह युद्ध के माध्यम से हसीना को फिर से सत्ता में लाने की योजनाओं पर चर्चा की। सरकार द्वारा संचालित समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ ने मामले का हवाला देते हुए कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और मेजबान, सह-मेजबान एवं बैठक में भाग लेने वाले अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत की ‘रिकॉर्डिंग’ से पता चला है कि इन लोगों ने संकल्प लिया था कि वे वैध सरकार को शांतिपूर्ण तरीके से देश चलाने नहीं देंगे।’’ इससे पहले छात्रों ने बांग्लादेश की सेना पर भी मौजूदा सरकार के तख्तापलट की साजिश का आरोप लगाया था।

शेख हसीना पर अब तक 100 से ज्यादा मुकदमे

पुलिस ने बताया कि इस बैठक में देश-विदेश से कुल 577 लोग शामिल हुए। पुलिस ने बताया कि इन लोगों ने अवामी लीग की अमेरिकी शाखा के उपाध्यक्ष रब्बी आलम द्वारा बुलाई गई बैठक में हसीना के निर्देशों के प्रति समर्थन जताया। आलम को दंड संहिता के तहत दर्ज मामले में दूसरे आरोपी के रूप में नामित किया गया था। हसीना की अगुवाई वाली 16 साल पुरानी अवामी लीग सरकार पिछले साल पांच अगस्त को छात्रों के नेतृत्व में हुए हिंसक जन-विद्रोह के कारण गिर गई थी। इसके बाद 77 वर्षीय हसीना गोपनीय तरीके से बांग्लादेश छोड़कर भारत चली गई थीं। उनके पद से हटने के बाद से उन पर सामूहिक हत्या और भ्रष्टाचार सहित 100 से अधिक मामले दर्ज कराए गए हैं। उनके अपदस्थ होने के बाद यूनुस ने अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में कार्यभार संभाला। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश