Wednesday, February 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बीजिंग की गोद में बांग्लादेश, मोहम्मद यूनुस ने कहा-"चीन को अच्छे मित्र के रूप में देखें देशवासी"

बीजिंग की गोद में बांग्लादेश, मोहम्मद यूनुस ने कहा-"चीन को अच्छे मित्र के रूप में देखें देशवासी"

Edited By: Dharmendra Kumar Mishra @dharmendramedia Published : Mar 29, 2025 06:03 pm IST, Updated : Mar 29, 2025 06:03 pm IST

बांग्लादेश के कार्यवाहक मोहम्मद यूनुस ने भारत को नजरअंदाज करके चीन के लिए अपनी बाहें खोल दी हैं। यूनुस ने तीस्ता नदी परियोजना के लिए चीन को खुला ऑफर दे दिया है। जबकि बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना इसमें भारत को भागीदार बनाना चाहती थीं।

बांग्लादेश के कार्यवाहक मो. यूनुस और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग। - India TV Hindi
Image Source : AP बांग्लादेश के कार्यवाहक मो. यूनुस और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग।

बीजिंग: बांग्लादेश अब पूरी तरह चीन की गोद में बैठना चाह रहा है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने शनिवार को कहा कि उनके देश के लिए चीन को एक अच्छे मित्र के रूप में देखना ‘‘महत्वपूर्ण’’ है और उन्हें उम्मीद है कि ढाका और बीजिंग के बीच संबंध एक नए चरण में प्रवेश करेंगे। यूनुस ने अपनी चार दिवसीय चीन यात्रा के समापन पर आज यह बात कही। यूनुस ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में हमारे संबंध बहुत प्रगाढ़ रहे हैं। हमारे व्यापारिक रिश्ते बहुत मजबूत हैं और चीन के साथ हमारे सहयोग से हमें लाभ मिलता है।’’

यूनुस के आधिकारिक हैंडल से ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में कहा गया, ‘‘चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के मुख्य प्रोटोकॉल अधिकारी और विदेश मंत्रालय के सहायक मंत्री होंग लेई ने शनिवार को बीजिंग कैपिटल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यूनुस को उनकी ऐतिहासिक चार दिवसीय चीन यात्रा के समापन के बाद विदा किया।’’ यूनुस ने शुक्रवार को चिनफिंग से मुलाकात की और राजनीतिक और आर्थिक संकट से प्रभावित बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए चीन से निवेश बढ़ाने का आग्रह किया।

भारत के बजाय चीन को तीस्ता नदी परियोजना में शामिल करेगा बांग्लादेश

भारत के मुकाबले बीजिंग को अधिक तरजीह देते हुए यूनुस ने कहा, ‘‘यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हम चीन को अपने अच्छे दोस्त के रूप में देखें।’’ यूनुस ने चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि द्विपक्षीय संबंध एक नए चरण में प्रवेश करेंगे। चीन यात्रा के बाद यूनुस बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए थाईलैंड जाने वाले हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की इच्छा जताई है, लेकिन भारत ने अभी तक दोनों नेताओं की मुलाकात की पुष्टि नहीं की है। चिनफिंग और यूनुस के बीच वार्ता के बाद जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया कि बांग्लादेश तीस्ता नदी व्यापक प्रबंधन एवं पुनरुद्धार परियोजना (टीआरसीएमआरपी) में भाग लेने के लिए चीनी कंपनियों का स्वागत करता है। बांग्लादेश की पिछली शेख हसीना सरकार चाहती थी कि भारत तीस्ता नदी घाटी परियोजना में भागीदार बने।  (भाषा)

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement