ढाका: बांग्लादेश पर आतंकी हमले को लेकर शनिवार को देशभर में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया है। खुफिया रिपोर्ट्स के आधार पर संसद भवन समेत महत्वपूर्ण स्थानों पर संभावित आतंकवादी हमलों की आशंका जताई गई है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) के एक अधिकारी ने गुमनामी की शर्त पर बताया कि खुफिया रिपोर्ट्स के आधार पर यह अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने इस अलर्ट को अत्यंत जरूरी और गोपनीय बताया।
इन जगहों पर हो सकता है हमला
बांग्ला दैनिक प्रथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस मुख्यालय के पत्र में संसद परिसर, पूजा स्थल, मनोरंजन सुविधाएं, सैन्य और पुलिस प्रतिष्ठानों पर समन्वित हमलों की चेतावनी दी गई है। हथियार भंडार (आर्मरी) को भी संभावित निशाना बताया गया है। डेली स्टार और अन्य समाचार पत्रों ने बताया कि यह अलर्ट हाल ही में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के एक ऑपरेटिव इस्तियाक अहमद सामी उर्फ अबू बक्कर की गिरफ्तारी के बाद जारी किया गया है। इस व्यक्ति का दो बर्खास्त सैन्यकर्मियों से संपर्क होने का आरोप है।
सुरक्षा सख्त करने का निर्देश जारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक पत्र में संभावित हमलों के पीछे दो प्रमुख प्लानरों के प्रोफाइल भी शामिल हैं, हालांकि किसी संगठन का नाम नहीं लिया गया है। इसमें संदिग्ध हमलावरों को “देश की समग्र सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक” बताया गया है। समाचार पोर्टल tbsnews.net ने कानून प्रवर्तन अधिकारियों के हवाले से बताया कि आतंकवादी समूह हमले के लिए कई तरीके अपना सकता है। पुलिस मुख्यालय ने CID, स्पेशल ब्रांच (SB) और काउंटर टेररिज्म एंड ट्रांसनेशनल क्राइम्स (CTTC) यूनिट सहित विशेष पुलिस इकाइयों को सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया है। साथ ही पूरे देश में नियमित पुलिस को उच्च सतर्कता पर रहने को कहा गया है। एक पश्चिमी जिले के पुलिस प्रमुख ने पत्र प्राप्त होने की पुष्टि की और कहा कि उनके अधिकार क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं।