1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Bangladesh: सुपुर्द-ए-खाक हुआ उस्मान हादी, नमाज़-ए-जनाज़ा में उमड़ा जनसैलाब

Bangladesh: सुपुर्द-ए-खाक हुआ उस्मान हादी, नमाज़-ए-जनाज़ा में उमड़ा जनसैलाब

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Dec 20, 2025 04:10 pm IST,  Updated : Dec 20, 2025 04:13 pm IST

बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिराने वाले आंदोलन के प्रमुख रहे उस्मान हादी को शनिवार को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उसके नमा-ए-जनाजा में भारी भीड़ उमड़ी।

उस्मान हादी के जनाजे में नमाज अदा करते लोग। - India TV Hindi
उस्मान हादी के जनाजे में नमाज अदा करते लोग। Image Source : PTI

ढाका [बांग्लादेश]: बांग्लादेश में शनिवार को इंक़िलाब मोंचो के संयोजक शरीफ उस्मान हादी को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उस्मान हादी के नमाज़-ए-जनाज़ा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और इंक़िलाब मोंचो के संयोजक के लिए दुआ की। परिवार की इच्छानुसार हादी को राष्ट्रीय कवि काजी नज़रुल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया। सुबह से ही शोक मनाने वाले समूहों में माणिक मिया एवेन्यू पहुंचने लगे और जल्द ही संसद भवन के सामने की सड़क लोगों से भर गई। 

बांग्लादेश ने घोषित किया राजकीय शोक

उस्मान हादी को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के बाद बांग्लादेश की मुहम्मद यूनुस सरकार ने शनिवार को राजकीय शोक दिवस घोषित कर दिया है। नमाज-ए-जनाजा में शामिल होने के दौरान भीड़ में कुछ लोग राष्ट्रीय झंडा ओढ़े हुए थे, जबकि अन्य हादी की हत्या के लिए न्याय की मांग करते नारे लगा रहे थे।शनिवार को राजकीय शोक दिवस के लिए राष्ट्रीय ध्वज आधे झुका दिए गए हैं और पूजा स्थलों पर विशेष प्रार्थनाएं की जा रही हैं। राजधानी में इंक़िलाब मोंचो समर्थकों के दो दिन के प्रदर्शनों के बाद यह अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण दिन रहा।

संसद भवन और ढाका में बढ़ाई गई सुरक्षा

BDNews24 की रिपोर्ट के अनुसार नमाज़-ए-जनाज़ा से पहले बांग्लादेश गार्ड बॉर्डर और पुलिस को संसद भवन तथा ढाका के अन्य प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया था। इंक़िलाब मोंचो के निर्देशानुसार नमाज़-ए-जनाज़ा में केवल बांग्लादेश का राष्ट्रीय ध्वज ही प्रदर्शित किया गया। हादी आगामी चुनाव में ढाका-8 सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतरने की घोषणा कर चुका था। मगर गत 12 दिसंबर को राजधानी के बिजॉयनगर क्षेत्र में रिक्शा से यात्रा करते समय हादी को नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा कि दो हमलावर मोटरसाइकिल पर आए, गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए। 

हादी की मौत से हिंसा 

हादी की मौत के बाद एक बार फिर पूरे बांग्लादेश में प्रदर्शन और अशांति फैल गई। इसके चलते सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया गया। नेशनल साइबर सिक्योरिटी एजेंसी ने लोगों से सोशल मीडिया पर आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली या हिंसा भड़काने वाली पोस्ट्स की रिपोर्ट करने की अपील की है, क्योंकि अशांति से जुड़ी ऑनलाइन सामग्री को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। शनिवार को जारी एक बयान में BDNews24 ने उल्लेख किया कि पोस्ट्स एंड टेलीकम्युनिकेशंस मंत्रालय ने कहा कि ऐसी पोस्ट्स को सीधे व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से रिपोर्ट किया जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि प्राप्त शिकायतों की शुरुआती समीक्षा नेशनल साइबर सिक्योरिटी एजेंसी द्वारा की जाएगी, इसके बाद उन्हें बांग्लादेश टेलीकम्युनिकेशन रेगुलेटरी कमीशन (BTRC) के माध्यम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भेजा जाएगा। (ANI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश