बांग्लादेश में मतदान से पहले एक और हिंदू युवक की हत्या कर दी गई है। मृतक का शव 11 फरवरी की रात बांग्लादेश के मौलवीबाजार में मिला। एक चाय बागान से एक युवक की लाश मिली है। यह घटना चुनाव से ठीक एक दिन पहले हुई। मृतक की पहचान रतन शुभ कर के रूप में हुई है। उसकी उम्र 28 वर्ष बताई जा रही है।
घटना कमलगंज उपजिला के चम्पारा चाय बागान में बोरो लाइन सेक्शन में हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, शव 11 फरवरी की रात बरामद हुआ। शव के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। शरीर पर गहरे जख्म थे और खून से सना हुआ था। पहली नजर में ही यह हत्या का मामला लगता है। पुलिस ने इसे हत्या की जांच के तौर पर लिया है।
रतन खुद इसी चाय बागान में मजदूर थे। उनके पिता शुकता शुभकर भी यहीं काम करते हैं। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। यह घटना अल्पसंख्यक (हिंदू) समुदाय से जुड़ी बताई जा रही है, क्योंकि रतन हिंदू थे और चुनाव से पहले अल्पसंख्यकों पर हमलों की कई खबरें आ रही हैं। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर राजनीतिक या सांप्रदायिक मकसद की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है।
नौ फरवरी को भी एक व्यक्ति की लाश मिली थी। मृतक की पहचान 62 वर्षीय सुशेन चंद्र सरकारके रूप में हुई, जो मयमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिला में चावल का व्यापारी थे। उनकी दुकान भाई भाई एंटरप्राइज बोगार बाजार चौराहे पर थी। अज्ञात हमलावरों ने रात करीब 11 बजे दुकान में घुसकर उन पर धारदार हथियार से हमला किया और हत्या कर दी। हत्यारों ने लूटपाट भी की और कई लाख टका अपने साथ ले गए। हत्यारों ने शव को दुकान के अंदर छोड़कर बाहर से शटर बंद कर ताला लगा दिया और फरार हो गए। परिवार वालों को जब देर तक घर नहीं लौटने पर शक हुआ, तो दुकान खोलकर उनका खून से लथपथ शव मिला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कई रिपोर्ट में दावा किया गया कि हत्या में कुल्हाड़ी का उपयोग हुआ था।
यह भी पढ़ें-
Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए वोटिंग, पहली बार आवामी लीग के बगैर चुनाव
बांग्लादेश में वोटिंग से पहले जमात के प्रमुख ने बताया अपना प्लान, भारत को लेकर दिया बड़ा बयान
संपादक की पसंद