1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बिछ गईं लाशें, मुठभेड़ में मारे गए 18 सुरक्षाकर्मी, 23 आतंकी भी ढेर

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बिछ गईं लाशें, मुठभेड़ में मारे गए 18 सुरक्षाकर्मी, 23 आतंकी भी ढेर

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Feb 01, 2025 08:42 pm IST,  Updated : Feb 01, 2025 08:42 pm IST

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में 23 आतंकवादी मारे गए, जबकि 18 सुरक्षाकर्मियों की भी मौत हुई। पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच संघर्ष लगातार जारी है।

Balochistan, Balochistan News, Pakistan News- India TV Hindi
पाकिस्तान में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच संघर्ष लगातार जारी है। Image Source : AP REPRESENTATIONAL

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में 23 आतंकवादी मारे गए हैं। हालांकि इन घटनाओं में कम से कम 18 सुरक्षाकर्मियों की भी मौत हो गई है। हाल के दिनों में पाकिस्तान में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मौत का खेल जारी है, और दोनों ही तरफ से दर्जनों जानें जा चुकी हैं। पाकिस्तान की सेना ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में अशांत बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में ये आतंकवादी मारे गए हैं।

पिछले 24 घंटों में कई जगह हुई मुठभेड़

शनिवार को हरनई जिले में ऐसे ही एक ऑपरेशन में पाकिस्तानी सैनिकों की आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में 11 आतंकवादी मारे गए। इस घटना में सुरक्षाबलों ने कई आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया। शुक्रवार रात को बलूचिस्तान के कलात जिले के मंगोचर इलाके में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के सड़क पर बैरिकेड्स लगाने की कोशिश को नाकाम करते हुए 12 आतंकवादियों को मार गिराया। सेना ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों में बलूचिस्तान में विभिन्न अभियानों के तहत कुल 23 आतंकवादियों को मार गिराया गया है।’ सेना ने बताया कि सुरक्षा बल न केवल बलूचिस्तान बल्कि पूरे पाकिस्तान से आतंकवाद के खात्मे के लिए दृढ़ संकल्प हैं।

कुछ दिन पहले एक मेजर की भी हुई थी मौत

पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर हुए हमले की अभी तक किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। बयान के मुताबिक, इस ऑपरेशन के दौरान 18 सुरक्षाकर्मी भी मारे गए। सेना ने शुक्रवार को बताया कि खैबर पख्तूनख्वा के विभिन्न इलाकों में 5 अभियानों में कम से कम 10 आतंकवादियों को मार गिराया गया। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तानी सेना और आतंकियों के बीच लगातार मुठभेड़ की खबरें आ रही हैं। पाकिस्तान की सेना ने गुरुवार को ही बताया था कि अफगानिस्तान की सीमा से सटे देश के उत्तर-पश्चिम इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में मेजर समेत 2 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश