1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. वो देश, जहां एक ही शख्स है PM, रक्षा और विदेश मंत्री, सोने के विमान से लेकर सोने के महल का मालिक, जानिए कौन है हसनल बोलकिया?

वो देश, जहां एक ही शख्स है PM, रक्षा और विदेश मंत्री, सोने के विमान से लेकर सोने के महल का मालिक, जानिए कौन है हसनल बोलकिया?

 Written By: Shilpa
 Published : Jul 24, 2022 04:32 pm IST,  Updated : Jul 24, 2022 05:18 pm IST

ब्रुनेई के ये सुल्तान भी किसी मामूली नहीं बल्कि सोने से बने महल में रहते हैं। इनके घर का नाम इस्ताना नुरुल इमान पैलेस है, जिसे 1984 में बनाया गया था।

brunei sultan- India TV Hindi
brunei sultan Image Source : INDIA TV

Highlights

  • ब्रुनेई में एक ही शख्स है कर्ता धर्ता
  • उच्च पद संभाल रहे हसनल बोलकिया
  • सोने के महल में रहते हैं ब्रुनेई के ये सुल्तान

Brunei Sultan's Wealth: जेफ बेजोस, एलन मस्क, बिल गेट्स... दुनिया के इन अमीर लोगों के बारे में तो आपने सुना होगा। लेकिन क्या कभी आपने हसनल बोलकिया इब्न उमर अली सैफुद्दीन III के बारे में सुना है? ये शख्स कोई और नहीं, बल्कि ब्रुनेई के सुलतान हैं। उनके पास इतना पैसा है, जिसे वे पानी की तरह बहाते हैं। उनकी कुल संपत्ति 30 बिलियन पाउंड (करीब 2 लाख 87 हजार 551 करोड़ रुपये) है। इस सुलतान ने 5 अक्टूबर, 1967 में पहली बार सत्ता संभाली थी। हसनल बोलकिया की उम्र इस समय 75 साल है। वह खुद ही ब्रुनेई के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री भी हैं।

ऐसा कहा जाता है कि ब्रुनेई के सुल्तान का जितना बड़ा नाम है, उनकी संपत्ति भी उतनी ही बड़ी है। हसनल की संपत्ति इतनी ज्यादा है कि एक बार उन्होंने केवल हेयरकट कराने के बदले 14 लाख रुपये दे दिए थे। उनके खुद के निजी जेट हैं। आपने सऊदी अरब के रईसों के बारे में सुना होगा कि उनके पास सोने की कार हैं। लेकिन ब्रुनेई के सुल्तान के पास सोने के जेट हैं। उनके पास अरबों रुपये का बोइंग 747 विमान भी है। इस विमान में सोने का वॉश बेसिन, सोने का टेबल, चमड़े की सीट और करीब 95 करोड़ रुपये का अन्य कीमती सामान है। 

सु्ल्तान के पास 7000 लक्जरी वाहन

कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सुल्तान के पास 7000 लक्जरी वाहन हैं। इन वाहनों में 365 फरारी, 275 लम्बोर्गिनी, 258 एस्टन मार्टिन, 172 बुगाटी, 230 पोर्चीस, 350 बेंटले, 600 रोल्स रॉयस, 440 मर्सिडीज बेंज, 265 ऑडी, 237 बीएमडब्ल्यू, 225 जगुआर और 183 लैंड रोवर कार हैं। हालांकि वह ये कारें कहां रखते हैं, इस बारे में किसी को नहीं पता है। लेकिन बहुत सी रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सुल्तान इन गाड़ियों को किराए पर दे देते हैं।

brunei sultan
Image Source : INDIA TVbrunei sultan

सोने के महल में रहते हैं हसनल बोलकिया

अब जब किसी शख्स के पास इतनी सारी कार होंगी। वही एक देश के सभी उच्च पदों पर आसीन होगा। देश का कर्ता धर्ता होगा, तो आप इस बात का अंदाजा लगा सकते हैं कि वह आखिर किस तरह के घर में रहता होगा। तो ब्रुनेई के ये सुल्तान भी किसी मामूली नहीं बल्कि सोने से बने महल में रहते हैं। इनके घर का नाम इस्ताना नुरुल इमान पैलेस है, जिसे 1984 में बनाया गया था। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, ये दुनिया का सबसे बड़ा ऐसा महल है, जहां लोग रहते हैं। महल 21 लाख स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। इस महल के गुंबद 22 कैरेट के सोने से बने हैं। इसमें 1700 कमरे, पांच बड़े स्विमिंग पूल और 257 बाथरूम हैं। इसमें 110 गैरेज हैं, जहां सुल्तान ने अपनी कार खड़ी की होंगी।

सुल्तान के पास खुद का निजी जू भी है

दुनिया के किसी भी अमीर से ज्यादा शौक ब्रुनेई के सुल्तान के हैं। उनके शौक बेहद ही अजीबो-गरीब हैं। इस सुल्तान का अपना खुद का निजी जू यानी चिड़ियाघर है। हालांकि इस स्थान पर आम लोग नहीं आ सकते हैं। लेकिन देश के लोगों के लिए इसे विशेष अवसरों पर खोल दिया जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश