1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन के केमिकल प्लांट में भीषण विस्फोट के बाद बना Mushroom Cloud, देखें VIDEO

चीन के केमिकल प्लांट में भीषण विस्फोट के बाद बना Mushroom Cloud, देखें VIDEO

 Published : May 28, 2025 07:44 am IST,  Updated : May 28, 2025 07:44 am IST

चीन के पूर्वी शांदोंग प्रांत में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ था। यहां एक रासायनिक संयंत्र में विस्फोट हो गया था। विस्फोट के बाद रासायनिक संयंत्र से आग और धुएं का विशाल गुबार उठता हुआ नजर आया।

चीन में एक रासायनिक संयंत्र में हुआ विस्फोट- India TV Hindi
चीन में एक रासायनिक संयंत्र में हुआ विस्फोट Image Source : X @THEUNK13

बीजिंग: चीन में एक रासायनिक संयंत्र में मंगलवार को हुए विस्फोट में 5 लोगों की मौत हो गई है और 6 अन्य लापता हैं। विस्फोट के कारण आग का विशाल गोला उत्पन्न हुआ और धुएं का गुबार सैकड़ों फीट ऊपर तक देखा गया। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने स्थानीय आपात प्रबंधन ब्यूरो के हवाले से अपनी खबर में बताया कि घटना में 19 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। 

विस्फोट के कारणों का पता नहीं

शिन्हुआ की खबर में कहा गया है कि यह विस्फोट सरकार के स्वामित्व वाली शांदोंग यूदाओ केमिकल में हुआ, जो शांदोंग प्रांत में है। यह कीटनाशक ‘क्लोरपाइरीफोस’ के विश्व के सबसे बड़े उत्पादकों में शामिल है। विस्फोट दोपहर के समय हुआ था। इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। 

300 से अधिक लोग करते हैं काम

हांगकांग से प्रकाशित होने वाली ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, गाओमी शहर में 2019 में स्थापित यह संयंत्र प्रति वर्ष लगभग 11,000 टन कीटनाशक का उत्पादन करता है। इस संयंत्र में 300 से अधिक लोग काम करते हैं। विस्फोट की सूचना मिलने पर आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने बचाव प्रयासों में सहायता के लिए तुरंत अग्निशमन कर्मियों और चिकित्सकों सहित विशेष कर्मियों को घटना स्थल पर भेजा। 

चीनी अधिकारियों ने उठाए कदम

प्रांतीय और स्थानीय अधिकारियों ने बचाव प्रयासों के समन्वय के लिए एक संयुक्त बचाव कमान केंद्र की स्थापना की है, जिसमें लापता लोगों की तलाश, घायलों का इलाज, परिवारों को सांत्वना देने और पर्यावरण की निगरानी पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

ऑपरेशन सिंदूर का असर, अब दुनिया में घूम-घूमकर गिड़गिड़ा रहे पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ

इस देश की संसद ने पास किया ऐतिहासिक बिल, लाइलाज रोग से पीड़ित वयस्क को मिलेगा 'मौत चुनने का हक'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश