1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. China Taiwan Tension: चीन और ताइवान के बीच बढ़ा तनाव, ड्रैगन ने दागी 11 डोंगफेंग मिसाइलें, 5 जापान में जाकर गिरीं

China Taiwan Tension: चीन और ताइवान के बीच बढ़ा तनाव, ड्रैगन ने दागी 11 डोंगफेंग मिसाइलें, 5 जापान में जाकर गिरीं

 Published : Aug 04, 2022 09:53 pm IST,  Updated : Aug 05, 2022 06:21 am IST

China Taiwan Tension: ताइवान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि चीन की तरफ से हमारी समुद्री सीमा में मिसाइलें दागी गई हैं। चीन ने करीब 2 घंटे में 11 डोंगफेंग मिसाइलें दागी हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

China fired missiles in Taiwan area- India TV Hindi
China fired missiles in Taiwan area Image Source : INDIA TV

Highlights

  • चीन ने 11 डोंगफेंग मिसाइलें दागी
  • ताइवान ने की चीन की निंदा
  • चीन ने बताया सैन्य अभ्यास का हिस्सा

China Taiwan Tension: अमेरिका की हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी (Nancy Pelosi) की ताइवान यात्रा से चीन बौखलाया हुआ है। नाराज चीन (China) ने ताइवान के आसपास उकसावे की कार्रवाई को अंजाम दिया है। चीन ने ताइवान के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम में 11 डोंगफेंग मिसाइलें (Dongfeng Missiles) दागी हैं। ताइवान के विदेश मंत्रालय ने अन्य देशों के पास पानी में मिसाइलों का जानबूझकर परीक्षण करने के लिए चीनी सरकार की कड़ी निंदा की। ताइवान ने कहा कि ऐसा करने से ताइवान की नेशनल सिक्योरिटी को खतरा पैदा हो गया, इलाकों तनाव बढ़ गया और नियमित अंतरराष्ट्रीय परिवहन और व्यापार प्रभावित हुआ। जानकारी के मुताबिक चीन ने करीब 2 घंटे में 11 बैलिस्टिक मिसाइल दागी हैं।

ताइवान ने की इसे लेकर चीन की निंदा

ताइवान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि चीन की तरफ से हमारी समुद्री सीमा में ये मिसाइलें दागी गई हैं। जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। चीन ने करीब 2 घंटे में 11 बैलिस्टिक मिसाइल दागी हैं। उकसावे से हमारी सुरक्षा को खतरा है, इस क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय परिवहन और व्यापार में रूकावट आ रही है। हम इस गैरजिम्मेदाराना हरकत की निंदा करते हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी ऐसा करने का आग्रह करते हैं। हम यथास्थिति बनाए रखने के लिए दोस्तों और साझेदारों के साथ काम करेंगे और एक स्वतंत्र और खुला इंडो-पैसिफिक सुनिश्चित करेंगे। ताइवान इसको लेकर कड़ी निंदा करता है। 

जापान के क्षेत्र में गिरी 5 मिसाइलें

जापान के रक्षा मंत्री की तरफ से जारी बयान में कहा गया चीन की तरफ से दागीं गईं 5 मिसाइलें जापान के इलाके में गिरी हैं। ये एक गंभीर मामला है क्योंकि इसका सीधा वास्ता हमारे देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। हम लोगों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं कर सकते हैं।

चीन ने इसे बताया सैन्य अभ्यास का हिस्सा  

इस मामले को लेकर चीन ने बयान में कहा कि उसने मिलिट्री एक्सरसाइज के तहत गुरुवार को ताइवान जलडमरूमध्य में सटीक मिसाइल हमले किए हैं। चीन की ईस्टर्न थिएटर कमांड ने कहा कि उसने प्लानड एक्सरसाइज के तहत गुरुवार को ताइवान के पूर्वी तट के पानी पर कई पारंपरिक मिसाइलों की फायरिंग पूरी कर ली है। फाइरिंग एक्सरसाइज पूरा होने के बाद संबंधित समुद्री और हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण हटा लिया गया है।

अमेरिकी हाउस स्पीकर की ताइवान यात्रा से बढ़ा तनाव

चीन ने पहले ही कहा था कि ताइवान के आसपास के 6 क्षेत्रों में उसकी नौसेना, वायु सेना और अन्य विभागों द्वारा मिलिट्री एक्सरसाइज चल रहा था। बता दें कि ताइवान पर चीन पहले से ही अपने क्षेत्र के रूप में दावा करता रहा है। हाल ही में अमेरिका की हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी (Nancy Pelosi) ताइवान (Taiwan) की यात्रा पर थी। चीन ने अमेरिकी हाउस स्पीकर को ताइवान की यात्रा न करने की हिदायत दी थी। नैंसी पेलोसी के ताइवान पहुंचने के बाद चीन ने अमेरिका से कहा था कि ये चीन को उकसाने की कोशिश है और इसका अंजाम अच्छा नहीं होगा। हांलाकि नैंसी पेलोसी ताइवान से जा चुकी हैं लेकिन इसे लेकर चीन और ताइवान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश