चीन की स्प्रिंग एयरलाइंस ने विवाहित महिलाओं और मांओं को फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में भर्ती करने की घोषणा की है, लेकिन इन्हें 'एयर आंटी' कहने का प्रस्ताव सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गया है। कंपनी का दावा है कि यह कदम शादीशुदा महिलाओं के लिए विविध रोजगार अवसर पैदा करने और अनुभवी स्टाफ को शामिल करने का प्रयास है। सोशल मीडिया पर नेटिजन्स इसे अपमानजनक और लिंगभेदी बता रहे हैं।
रखी गई ये योग्यता
दरअसल, 22 अक्टूबर को स्प्रिंग एयरलाइंस ने 'एयर आंटी' पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए। भर्ती में 25 से 40 साल की महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। शादीशुदा महिलाओं और माताओं को भी इस पद पर योग्य रखा गया है।
162-174 सेमी ऊंचाई होनी चाहिए हाइट
एयर आंटी की योग्यता में स्नातक डिग्री होनी चाहिए। आवेदन करने वाली महिलाओं की हाइट 162-174 सेमी ऊंचाई और कस्टमर सर्विस का अनुभव होना शामिल है। शंघाई और लानझोउ में 30-60 पदों के लिए भर्ती निकाली गई।
क्या बोले कंपनी के रिक्रूटमेंट मैनेजर?
एयरलाइन के एक रिक्रूटमेंट मैनेजर ने कहा कि 'एयर आंटी' जीवन अनुभव और सहानुभूति लाती हैं, जो बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों की देखभाल में मददगार है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि 'एयर आंटी' शब्द 1990 के दशक से प्रचलित है, जब टेक्सटाइल वर्कर्स को फ्लाइट अटेंडेंट बनाया गया था। यह बड़ा स्टाफ और महिलाओं की सेवानिवृत्ति आयु (50 साल) को ध्यान में रखकर किया गया है।
सोशल मीडिया में छाया Air Aunties हैशटैग
एयर आंटी का ये विवाद सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एयर आंटी (Air Aunties) हैशटैग 70 मिलियन से ज्यादा व्यूज बटोर चुका है। कई यूजर्स ने इसे 'अपमानजनक' बताया है। सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि शादीशुदा महिलाओं को 'आंटी' कहना उम्र और लिंग पर आधारित भेदभाव है। कुछ ने सवाल उठाया कि क्या पुरुषों के लिए भी ऐसा कोई टाइटल होगा?
एयरलाइन ने कहा अपमान का कोई इरादा नहीं
बता दें कि चीन में आमतौर पर फ्लाइट अटेंडेंट्स 18-25 साल की युवा महिलाएं होती हैं। यह कदम उम्र सीमा तोड़ने वाला है, लेकिन 'एयर आंटी' टाइटल ने विवाद को जन्म दे दिया। विशेषज्ञों का कहना है कि यह महिलाओं के करियर में विवाह और मातृत्व को बाधा मानने वाली पुरानी सोच को चुनौती देता है पर नामकरण गलत संदेश दे रहा है। इस पर एयरलाइन ने कहा कि उनका कोई अपमान का इरादा नहीं था, बल्कि यह बड़ा स्टाफ अलग करने के लिए है।