1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चेक रिपब्लिक के राष्ट्रपति ने दलाई लामा से की मुलाकात तो भड़क गया चीन, उठाया बड़ा कदम

चेक रिपब्लिक के राष्ट्रपति ने दलाई लामा से की मुलाकात तो भड़क गया चीन, उठाया बड़ा कदम

 Published : Aug 13, 2025 10:43 am IST,  Updated : Aug 13, 2025 10:43 am IST

चीन ने बड़ा फैसला लेते हुए चेक रिपब्लिक के राष्ट्रपति पेट्र पावेल के साथ सभी संबंध खत्म करने का फैसला किया है। यह फैसला पावेल की हाल ही में तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा से मुलाकात के बाद लिया गया है।

Czech Republic President Petr Pavel (R) met Dalai Lama (L) - India TV Hindi
Czech Republic President Petr Pavel (R) met Dalai Lama (L) Image Source : @DALAILAMA

बीजिंग: चेक रिपब्लिक के राष्ट्रपति पेट्र पावेल ने तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा से मुलाकात की थी। इस मुलाकात को लेकर चीन बिफर गया है। चीन ने कहा कि उसने तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा से हाल में मुलाकात के कारण चेक गणराज्य के राष्ट्रपति पेट्र पावेल के साथ सभी प्रकार के संबंध समाप्त करने का फैसला लिया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि पावेल और दलाई लामा की मुलाकात को लेकर बीजिंग ने चेक गणराज्य के समक्ष राजनयिक विरोध भी दर्ज कराया है। 

चीन ने क्या कहा?

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पावेल की मुलाकात को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, “चीन के बार-बार विरोध और कड़े ऐतराज की अवहेलना करते हुए चेक राष्ट्रपति पेट्र पावेल भारत गए और दलाई लामा से मुलाकात की।” प्रवक्ता ने मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर कहा, “यह चेक सरकार द्वारा चीन सरकार के साथ की गई राजनीतिक प्रतिबद्धताओं का गंभीर उल्लंघन है और चीन की संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता को नुकसान पहुंचाता है।” 

'चीन करता है कड़ी निंदा'

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “चीन इस पर कड़ी निंदा करता है और इसका दृढ़ता से विरोध करता है, और इस संबंध में चेक पक्ष के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पावेल की इस उकसावे भरी कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए, चीन ने उनके साथ सभी प्रकार के संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया है।” 

जानें कब हुई थी मुलाकात

गौरतलब है कि, चीन आमतौर पर किसी भी नेता या अधिकारी द्वारा दलाई लामा से मुलाकात किए जाने का विरोध करता है, जिन्हें वह अलगाववादी करार देता है। पावेल ने 27 जुलाई को लद्दाख में दलाई लामा से मुलाकात की थी। यह पहला मौका था जब किसी पदस्थ राष्ट्राध्यक्ष ने भारत आकर दलाई लामा से भेंट की है। दलाई लामा 12 जुलाई को केंद्र शासित प्रदेश के एक महीने के दौरे पर लेह पहुंचे थे। दलाई लामा के कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने परमपावन को उनके 90वें जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।” (भाषा)

यह भी पढ़ें:

मुनीर, बिलावल के बाद अब पाकिस्तान के पीएम शरीफ ने दिखाई बदमाशी, भारत को दी गीदड़भभकी

पीएम मोदी सितंबर में UNGA सत्र के लिए जा सकते हैं अमेरिका, ट्रंप से भी हो सकती है बातचीत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश