1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भूकंप के झटकों से कांपी ईरान की धरती, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता का भी पता चला, जानें कितनी थी गहराई

भूकंप के झटकों से कांपी ईरान की धरती, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता का भी पता चला, जानें कितनी थी गहराई

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 03, 2026 01:10 pm IST,  Updated : Mar 03, 2026 01:45 pm IST

ईरान के गेराश में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। गौरतलब है कि ईरान युद्ध की चिंगारी में पहले ही बहुत नुकसान करवा चुका है और अब ये भूकंप आने से वह फिर से कांप गया है।

Earthquake- India TV Hindi
गेराश में भूकंप के झटके Image Source : GOOGLE MAPS

तेहरान: युद्ध की आग से झुलस रहे ईरान में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। ईरान के गेराश में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि ईरान के गेराश क्षेत्र में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया है। यूएसजीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर (6.21 मील) की गहराई पर था।

भूकंप वाली जगह की रणनीतिक स्थानों से है निकटता

गेराश दक्षिणी ईरान में एक ऐसे गलियारे पर स्थित है जो प्रमुख ऊर्जा, बंदरगाह और सैन्य अवसंरचनाओं को जोड़ता है। गचिन यूरेनियम खदान (बंदर अब्बास के पास) - गेराश से लगभग 150-180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। गचिन ईरान के घरेलू यूरेनियम अयस्क स्रोतों में से एक है। यह एक खनन स्थल है।

बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र भी गेराश से लगभग 250-300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। बुशहर, फारस की खाड़ी के तट पर ईरान का एकमात्र कार्यरत नागरिक परमाणु ऊर्जा संयंत्र है। हालांकि दोनों संयंत्र दक्षिणी ईरानी क्षेत्र में स्थित हैं, लेकिन भूकंप के बाद किसी भी संयंत्र में क्षति, व्यवधान या विकिरण संबंधी घटनाओं की कोई पुष्ट रिपोर्ट नहीं है।

बता दें कि दक्षिणी ईरान, विशेष रूप से ज़ाग्रोस पर्वत श्रृंखला से जुड़े क्षेत्र, भूमिगत मिसाइल भंडारण और प्रक्षेपण सुविधाओं के लिए जाने जाते हैं, जिन्हें ईरानी अधिकारी अक्सर मिसाइल शहर कहते हैं। ये मजबूत स्थल सैन्य हमलों और प्राकृतिक आपदाओं दोनों का सामना करने के लिए डिजाइन किए गए हैं।

तनाव से गुजर रहा ईरान

ईरान में पहले से ही तनाव है। अमेरिका और इजरायल ने मिलकर उसके ऊपर हमला किया, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत हो गई। इस हमले में ईरान के कई अन्य बड़े लीडर भी मारे गए हैं। घटना में खामेनेई के परिजनों की भी मौत हुई है, जिसके बाद से देश में हड़कंप मचा हुआ है।

हालांकि ईरान ने अभी अमेरिका और इजरायल के सामने घुटने नहीं टेके हैं और वह लगातार इजरायल और अन्य क्षेत्रों में हमले कर रहा है। 

युद्ध की आग में धधक रहे ईरान में अब भूकंप के झटकों ने भी दुनिया का ध्यान इस ओर खींचा है। हालही में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान को शुरुआती तौर पर अनुमानित 4 से 5 सप्ताह की समय सीमा से कहीं अधिक समय तक जारी रखने में सक्षम है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश