1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. हमास ने इजरायल को सौंपे 2 और बंधकों के अवशेष, जानें किसने कहा- 'सहयोग नहीं किया तो मिटा देंगे'

हमास ने इजरायल को सौंपे 2 और बंधकों के अवशेष, जानें किसने कहा- 'सहयोग नहीं किया तो मिटा देंगे'

 Published : Oct 22, 2025 07:45 am IST,  Updated : Oct 22, 2025 07:45 am IST

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस गाजा में जारी युद्ध विराम को लेकर बड़ी बातें कही है। वेंस इस वक्त इजरायल में हैं सीजफायर को लेकर हमास को सीधे तौर पर चेतावनी भी दी है।

Hamas Fighters- India TV Hindi
Hamas Fighters Image Source : AP

Israel Hamas Ceasefire: हमास ने गाजा में रेड क्रॉस को 2 और बंधकों के अवशेष सौंप दिए हैं। इजरायल की सेना ने इस बारे में नकारी दी है। हमास के साथ हुए सीजफायर के बाद अब तक 13 बंधकों के अवशेष इजरायल को लौटाए गए हैं। अब 13 और लोगों के शवों को बरामद करके इजरायल को सौंपा जाना बाकी है। इस बीच तेल अवीव पहुंचे अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हमास के साथ हुए युद्ध विराम समझौते के क्रियान्वयन को लेकर इजरायल से थोड़ा धैर्य रखने को कहा है।

क्या बोले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस?

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, ‘‘कुछ बंधकों के अवशेष हजारों टन मलबे के नीचे दबे हुए हैं। कुछ बंधकों के बारे में तो किसी को पता ही नहीं है कि वो कहां हैं। यही वजह है कि थोड़ा धैर्य रखने की सलाह दी जाती है।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘इसमें से बहुत सारा काम बहुत कठिन है।’’ अमेरिका के शीर्ष राजनयिकों के साथ इजरायल के दौरे पर आए वेंस ने कहा कि नाजुक युद्ध विराम ‘मेरी उम्मीद से बेहतर’ आगे बढ़ रहा है। अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने कहा कि ‘‘हम उस स्थिति से आगे बढ़ रहे हैं जहां हमने सोचा था कि हम इस समय होंगे।’’

वेंस ने दी हमास के चेतावनी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वेंस ने हमास को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि अगर हमास ने सहयोग नहीं किया, तो उसे पूरी तरह मिटा दिया जाएगा। वेंस ने कहा कि आने वाले हफ्तों में सबसे बड़ा टेस्ट होगा कि सीजफायर लंबा टिकेगा या नहीं। इसके लिए तीन जरूरी बातें होंगी। पहला हमास को हथियार छोड़ने होंगे, दूसरा मानवीय मदद की आपूर्ति और तीसरा गाजा में पुनर्निर्माण की शुरुआत।

इजरायल और हमास के बीच कब लागू हुआ सीजफायर? 

इजरायल और हमास के बीच युद्ध विराम 10 अक्टूबर से लागू हुआ था। हालांकि, इसके बाद भी गाजा में हमले हुए और इजरायल के सैनिकों का निशाना बनाया गया है। इन घटनाओं के बीच गाजा में सीजफायल को लेकर संशय के बादल मंडराने लगे हैं। इसके बावजूद इजरायल और हमास दोनों ने कहा है कि वो इस समझौते के लिए प्रतिबद्ध हैं। ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इसे सफल देखना चाहते हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजरायल प्रत्येक मृत बंधक के अवशेष के बदले 15 फिलिस्तीनियों के शव सौंप रहा है।  

सीजफायर को लेकर प्रतिबद्ध हैं इजरायल और हमास

इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय के मुताबिक, मिस्र की खुफिया एजेंसी के प्रमुख मेजर जनरल हसन रशद युद्ध विराम के कार्यान्वयन पर नेतन्याहू, विटकॉफ और अन्य लोगों से मिलने के लिए इजरायल पहुंचे हैं। हमास के मुख्य वार्ताकार खलील अल-हय्या ने काहिरा में मिस्र की अल-काहिरा समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘शर्म अल-शेख समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद हम अंत तक इसका पालन करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।’’

यह भी पढ़ें:

ट्रंप ने मनाई दिवाली, PM मोदी को बताया महान व्यक्ति; बातचीत होने का भी किया दावा

जोहरान ममदानी ने इमाम सिराज वहाज के साथ खिंचवाई तस्वीर तो भड़क गए ट्रंप बोले- 'अनर्थ होने को है...'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश