1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में भारी बारिश ने फैलाई दहशत, भूस्खलन की आशंका के बीच काठमांडू में वाहनों की आवाजाही पर बैन

नेपाल में भारी बारिश ने फैलाई दहशत, भूस्खलन की आशंका के बीच काठमांडू में वाहनों की आवाजाही पर बैन

 Published : Oct 04, 2025 05:16 pm IST,  Updated : Oct 04, 2025 05:16 pm IST

नेपाल में भारी बारिश के बाद भूस्खलन की आशंका को देखते हुए काठमांडू में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। अगले तीन दिनों तक लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

भारी बारिश और लैंडस्लाइड्स से नेपाल का बुरा हाल (फाइल)- India TV Hindi
भारी बारिश और लैंडस्लाइड्स से नेपाल का बुरा हाल (फाइल) Image Source : AP

काठमांडू: नेपाल में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में भारी भूस्खलन की आशंका और चेतावनी को देखते हुए नेपाली अधिकारियों ने शनिवार को काठमांडू में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी किए गए नोटिस में बताया कि शनिवार से सोमवार तक काठमांडू घाटी में सभी वाहनों के प्रवेश और बाहर निकलने पर रोक लागू रहेगी। 

3 दिनों तक की यात्रा टाल दें लोग

अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि वे अगले तीन दिनों तक लंबी दूरी की यात्रा तब तक टालें, जब तक कि कोई आपातकालीन स्थिति न हो। बागमती और पूर्वी राप्ती नदियों के आसपास के क्षेत्रों के लिए ‘रेड अलर्ट’ भी जारी किया गया है। अधिकारियों के अनुसार मानसून के सक्रिय हो जाने से शुक्रवार रात से काठमांडू और देश के अन्य हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे आपदा का खतरा बढ़ गया है।


त्रिभुवन हवाई अड्डे से उड़ानें भी रोकी गईं

खराब मौसम के चलते त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईए) से घरेलू उड़ानों को भी फिलहाल रोक दिया गया है। टीआईए के महाप्रबंधक हंसा राज पांडे ने बताया कि काठमांडू, भरतपुर, जनकपुर, भद्रपुर, पोखरा और तुमलिंगतार से उड़ानें अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई हैं। 

 

नेपाल के इन शहरों में भारी बारिश की चेतावनी

देश के पांच प्रांतों कोशी, मधेशी, बागमती, गंडकी और लुम्बिनी में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इस वजह से काठमांडू को तिब्बत से जोड़ने वाले अरानिको राजमार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है।अधिकारी बता रहे हैं कि लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे पृथ्वी राजमार्ग, सिद्धार्थ राजमार्ग, बी.पी. राजमार्ग और अरानिको राजमार्ग पर यात्रा करना खासा खतरनाक हो गया है। इन क्षेत्रों में वाहन चलाना विशेष रूप से जोखिम भरा माना जा रहा है, इसलिए नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा टालने की अपील की गई है। (भाषा)

यह भी पढ़ें

PoJK में हिंसक विरोध प्रदर्शन से घुटनों पर आई पाकिस्तान सरकार, 10 से अधिक मौतों के बाद किया समझौते का दावा

ट्रंप की गाजा योजना पर 'हमास की हां' के बाद  इजरायल ने रोका हमला, अब नेतन्याहू की सेना उठाएगी ये कदम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश