1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश में पेड़ से लटकता मिला हिंदू युवक का शव, तीन दिन से था लापता; मंदिर में था पुजारी

बांग्लादेश में पेड़ से लटकता मिला हिंदू युवक का शव, तीन दिन से था लापता; मंदिर में था पुजारी

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Apr 26, 2026 10:44 pm IST,  Updated : Apr 26, 2026 10:56 pm IST

बांग्लादेश में एक मंदिर के पुजारी का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है। युवक तीन दिन से लापता था।

पेड़ से लटकता मिला पुजारी का शव।- India TV Hindi
पेड़ से लटकता मिला पुजारी का शव। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

ढाका: दक्षिण पूर्वी बांग्लादेश में एक हिंदू युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। युवक एक हिंदू मंदिर के रख रखाव का काम करता था। बताया जा रहा है कि युवक का शव घर से लापता होने के तीन दिन बाद पेड़ से लटका हुआ मिला। एक अल्पसंख्यक समूह ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

मंदिर में पुजारी का काम करता था मृतक

बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद (BHBCUC) ने बताया कि चटगांव जिले के दोहाजारी क्षेत्र में रहने वाले 40 वर्षीय नयन साधु कॉक्स बाजार सदर उपजिला के खुरुशकुल यूनियन में स्थित शिवकाली मंदिर की देखभाल करते थे। वह इस मंदिर में पुजारी का काम भी करते थे। पुलिस और कॉक्स बाजार इलाके के निवासियों के मुताबिक 19 अप्रैल की देर शाम दो अज्ञात व्यक्ति नयन को अपने साथ ले गए थे। इसके तीन दिन बाद, उसका शव गांव के बाहरी इलाके में एक पहाड़ी क्षेत्र में पेड़ से लटका हुआ मिला। 

दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

स्थानीय मीडिया के मुताबिक पुलिस अब तक तय नहीं कर सकी है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का। परिषद ने एक बयान जारी कर नयन की हत्या के दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। बयान में कहा गया, ''एकता परिषद इस घटना की कड़ी निंदा करती है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करती है।''

तीन से लापता होने के बाद मिला शव

बीएचबीसीयूसी की वरिष्ठ सदस्य काजल देबनाथ ने कहा, ''हम यह बिल्कुल नहीं समझ पा रहे हैं कि एक दूरदराज के इलाके में स्थित अपेक्षाकृत छोटे मंदिर के एक साधारण संरक्षक की हत्या के पीछे क्या मकसद हो सकता है।'' बांग्लादेश पूजा उत्सव परिषद की कॉक्स बाजार इकाई के महासचिव जॉनी धर ने कहा कि नयन के लापता होने के तीन दिन बाद शव बरामद किया गया, जिससे संकेत मिलता है कि उसकी हत्या की गई है। 

पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगी मौत की वजह

पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि नयन की पत्नी ने 19 अप्रैल को पति के गुमशुदा होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद प्रकरण की जांच शुरू की गई। इससे पहले 9 अप्रैल को परिषद ने कहा था कि बांग्लादेश में इस साल एक जनवरी से 31 मार्च के बीच सांप्रदायिक हिंसा की 133 घटनाएं हुई हैं। 

यह भी पढ़ें-

व्हाइट हाउस में फायरिंग करने वाला शख्स कौन है? क्या ईरान से भी है कोई संबंध?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश