तेहरान: अमेरिका और इजरायल की ईरान के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत हो चुकी है। इस हमले में तेहरान में भीषण तबाही मची है। Israel Defense Forces ने तेहरान पर किए हमले का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई का हेडक्वार्टर मलबे में तब्दील हो गया।
Related Stories
हमले में खामेनेई के परिवार के भी कई लोगों की मौत
अमेरिका और इजरायल की ज्वाइंट कार्रवाई में खामेनेई की बेटी, पोती, बहू और दामाद भी मारे गए।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?
मिली जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने एक साथ तीन बड़े नेताओं की बैठकों का पता लगाया। खामेनेई और दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकें एक ही समय पर चल रही थीं, इसलिए इजरायल ने खामेनेई के कंपाउंड पर 30 बम गिराए, जिसमें खामेनेई मारे गए।
40 दिनों के सार्वजनिक शोक और 7 दिन के अवकाश की घोषणा
ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद ईरान में 40 दिनों के सार्वजनिक शोक और 7 दिन के अवकाश की घोषणा की गई है। खामेनेई की मौत के बाद अब ये चर्चा शुरू हो गई है कि ईरान का अगला सुप्रीम लीडर कौन होगा। इस दौड़ में कई नाम हैं, जिसमें मोजतबा खामेनेई, हुज्जत-उल-इस्लाम मोहसेन कोमी, अयातुल्ला मोहसेन अराकी, आयतुल्लाह अलीरेजा अराफी, आयतुल्लाह हाशेम हुसैनी बुशेहरी, अयातुल्ला गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेई का नाम शामिल है।
खामेनेई की मौत के बाद सामने आया था ट्रंप का बयान
खामेनेई की मौत के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान भी सामने आया था। उन्होंने कहा, "इतिहास के सबसे क्रूर लोगों में से एक, खामेनेई, मर चुका है। यह न केवल ईरान के लोगों के लिए न्याय है, बल्कि सभी महान अमेरिकियों और दुनियाभर के उन कई देशों के लोगों के लिए भी न्याय है, जिन्हें खामेनेई और उसके खूनी गुंडों के गिरोह ने मार डाला या क्षत-विक्षत कर दिया।"
नेतन्याहू ने क्या कहा?
नेतन्याहू ने कहा कि आने वाले दिनों में हम आतंकवादी शासन के हजारों लक्ष्यों पर हमला करेंगे। हम बहादुर ईरानी लोगों के लिए ऐसी परिस्थितियां बनाएंगे कि वे अत्याचार की जंजीरों से खुद को मुक्त कर सकें। इसी कारण मैं आपसे एक बार फिर संबोधित करता हूं कि, "हे ईरान के नागरिकों, इस अवसर को हाथ से जाने न दें। यह एक ऐसा अवसर है जो हर पीढ़ी में सिर्फ एक बार आता है। खाली मत बैठिए, क्योंकि आपका पल जल्द ही आएगा। वह पल जब आपको सड़कों पर उतरना होगा, लाखों की संख्या में सड़कों पर आना होगा। ताकि काम पूरा हो, आतंक के उस शासन को उखाड़ फेंका जाए. जिसने आपकी जिंदगियां कड़वी कर दी हैं।"