1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इमरान खान के साथ हो क्या रहा है? आंखों के इलाज के लिए लाया गया हॉस्पिटल, फिर भेज दिया जेल

इमरान खान के साथ हो क्या रहा है? आंखों के इलाज के लिए लाया गया हॉस्पिटल, फिर भेज दिया जेल

 Published : Feb 24, 2026 07:23 pm IST,  Updated : Feb 24, 2026 07:23 pm IST

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार सुबह इलाज के लिए जेल से हॉस्पिटल ले जाया गया। इसके बाद खान को फिर वापस जेल भेज दिया गया। चलिए जानते हैं कि क्या-क्या हुआ था।

इमरान खान- India TV Hindi
इमरान खान Image Source : AP

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान फिलहाल अडियाला जेल में बंद हैं। खान को मंगलवार सुबह आंखों के इलाज के लिए जेल से पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल ले जाया गया। इलाज पूरा होने के बाद उन्हें वापस जेल में शिफ्ट कर दिया गया। पिछले महीने इमरान खान को राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (CRVO) नाम की बीमारी का पता चला था, जिससे उनकी दाहिनी आंख की रोशनी पर गंभीर असर पड़ रहा है। 

खान को दी गई एंटी-VEGF की दूसरी खुराक

अस्पताल के एक डॉक्टर के अनुसार, उन्हें एंटी-VEGF इंट्राविट्रियल इंजेक्शन की दूसरी खुराक दी गई। यह प्रक्रिया 24 जनवरी को शुरू हुई पहली डोज के बाद की गई फॉलो-अप का हिस्सा थी। प्रक्रिया से पहले विशेषज्ञों के एक बोर्ड ने उनकी जांच की, जिसमें एक कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट ने इकोकार्डियोग्राफी और ECG किया और एक कंसल्टेंट फिजिशियन ने भी जांच की। 

इमरान को किया गया डिस्चार्ज

जांच के बाद ऑपरेशन थिएटर में स्टैंडर्ड मॉनिटरिंग और सावधानियों के साथ, PIMS तथा अल-शिफा आई हॉस्पिटल के कंसल्टेंट विट्रियो-रेटिनल सर्जन की माइक्रोस्कोपिक गाइडेंस में इंजेक्शन दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि यह एक डे-केयर सर्जरी की तरह किया गया प्रोसीजर था। इलाज के दौरान और बाद में खान के वाइटल साइन्स पूरी तरह स्थिर रहे। प्रक्रिया सफल रही और उन्हें देखभाल, फॉलो-अप के निर्देशों के साथ डिस्चार्ज कर दिया गया। 

खान के परिवार ने उठाए सवाल

PIMS एक प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जबकि रावलपिंडी स्थित अल-शिफा ट्रस्ट आई हॉस्पिटल एक प्रतिष्ठित प्राइवेट आई स्पेशलिटी हॉस्पिटल है। खान के परिवार और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने मांग की थी कि उनका इलाज इस्लामाबाद के प्राइवेट शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में होना चाहिए। PTI ने इलाज में ट्रांसपेरेंसी की मांग की है और सीक्रेसी पर सवाल उठाए हैं। इमरान खान की बहन अलीमा खान ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्हें सरकारी रिपोर्टों या टेस्ट पर भरोसा नहीं है और किसी भी मेडिकल प्रक्रिया से पहले परिवार को सूचित किया जाना चाहिए।

क्या बोले सरकार के मंत्री?

इस बीच संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा कि सरकार खान को कड़ी सुरक्षा के साथ PIMS ले गई। उन्होंने बताया कि पहले इंजेक्शन के बाद खान की आंखों में सुधार देखा गया, इसलिए विशेषज्ञों ने दूसरी डोज की सलाह दी। प्रक्रिया सफल रही और मेडिकल टीम की मंजूरी के बाद उन्हें जेल वापस भेजा गया है। तीसरा इंजेक्शन 24 मार्च को दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि कैदियों को मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराना राज्य की जिम्मेदारी है। सभी व्यवस्थाएं नियमों के अनुसार और पारदर्शी तरीके से की गई हैं। इमरान खान अगस्त 2023 से भ्रष्टाचार के एक मामले में सजा काट रहे हैं।

यह भी पढ़ें:

इमरान खान की बहन के साथ हुआ कुछ ऐसा कि वायरल हो गया VIDEO, घिर गई शरीफ सरकार

Nepal Election 2026: नेपाल में मतदान के बाद कितनी देर में आएंगे नतीजे, जानें चुनाव आयोग का प्लान

अमेरिका में बर्फीले तूफान ने मचा दिया हाहाकार, बेहाल हुए लोग; देखें तस्वीरें

 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश