1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. India Pak Tension: पाकिस्तान के रक्षामंत्री का बड़ा दावा, "भारत किसी भी वक्त LoC के पास कर सकता है हमला"

India Pak Tension: पाकिस्तान के रक्षामंत्री का बड़ा दावा, "भारत किसी भी वक्त LoC के पास कर सकता है हमला"

 Published : May 06, 2025 01:12 am IST,  Updated : May 06, 2025 01:12 am IST

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत की ओर से हमले की आशंका जाहिर की है। आसिफ ने कहा है कि भारत किसी भी वक्त एलओसी पर हमला कर सकता है।

ख्वाजा आसिफ, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री- India TV Hindi
ख्वाजा आसिफ, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री Image Source : AP
इस्लामाबाद: भारत के जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के बाद से पाकिस्तान लगातार डरा हुआ है। इस बार फिर पाकिस्तान को आशंका है कि भारत उस पर कभी भी हमला कर सकता है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोमवार को चेतावनी दी कि भारत कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास किसी भी समय सैन्य हमला कर सकता है। उनके इस बयान से पाकिस्तान में दहशत का माहौल है। आसिफ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दोनों परमाणु हथियार संपन्न देशों के बीच तनाव चरम पर है।
 
बता दें कि आसिफ ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऐसी खबरें हैं कि भारत नियंत्रण रेखा के पास किसी भी स्थान पर हमला कर सकता है। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर भारत ने ऐसा किया तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर “राजनीतिक लाभ के लिए क्षेत्र को परमाणु युद्ध के कगार पर धकेलने” का आरोप लगाया। आसिफ ने निराधार आरोपों को दोहराते हुए कहाकि “नयी दिल्ली खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में शामिल है।” उन्होंने दावा किया, ‘‘हमने 2016 और 2017 में संयुक्त राष्ट्र को सबूत मुहैया कराए थे।

पहलगाम हमले की अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग

ख्वाजा ने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने (पहलगाम) हमले की अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है। जांच से यह पता चल जाएगा कि भारत खुद या कोई आंतरिक संगठन इसमें शामिल था या नहीं और नयी दिल्ली के बेबुनियाद आरोपों के पीछे की सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।’’ बता दें कि इससे पहले पिछले हफ्ते पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ता तरार ने भी कहा था कि भारत की ओर से संभावित हमले की आशंका के चलते 24-36 घंटे महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, समय बीत गया और भारत की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल सैयद असीम मुनीर ने सोमवार को एक बार फिर कहा कि पाकिस्तान अपनी ‘राष्ट्रीय प्रतिष्ठा और लोगों की समृद्धि’ की रक्षा के लिए पूरी ताकत से जवाबी कार्रवाई करेगा।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश