1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारतीय सेना ने मार गिराए पाकिस्तान के 40 सैनिक, Pak ने अब तक 13 की मौत मानी, 78 घायल

भारतीय सेना ने मार गिराए पाकिस्तान के 40 सैनिक, Pak ने अब तक 13 की मौत मानी, 78 घायल

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 14, 2025 04:21 pm IST,  Updated : May 14, 2025 07:10 pm IST

भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 13 जवान मारे गए हैं जबकि 70 से ज्यादा घायल हैं। पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर ये संख्या बताई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : AP

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान की सेनाएं एक-दूसरे के सामने थीं। पाकिस्तान ने भारत पर हमले की कोशिश की तो भारतीय सेना ने भी करारा जवाब दिया। भारतीय सेना की कार्रवाई में पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 40 सैनिकों को मार गिराया है जबकि कई घायल हैं। हालांकि पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर अब तक 13 की मौत स्वीकार की है। बुधवार को पाकिस्तान की तरफ से बताया गया कि घायल दो और जवानों की मौत हो गई है। मृतक सैनिकों की पहचान पाकिस्तान वायु सेना के हवलदार मुहम्मद नवीद और वरिष्ठ तकनीशियन मुहम्मद अयाज शहीद के रूप में हुई है।

 

पाकिस्तान के 13 जवान मारे गए, 78 घायल

बताया जा रहा है कि भारतीय सेना के हमले में पाकिस्तान के कई जवान घायल हुए थे। इन्हीं घायलों में से दो की मौत हो गई है जबकि 78 अन्य का इलाज अभी जारी है। इसके साथ ही पाकिस्तान सशस्त्र बलों के मारे गए कर्मियों की कुल संख्या 13 हो गई है। हालांकि भारतीय सेना की कार्रवाई में 40 से ज्यादा पाक सैनिक मारे गए हैं। 

पाकिस्तानी वायुसेना को हुआ भारी नुकसान

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को खुलासा किया कि पाकिस्तान में एक दर्जन से अधिक सैन्य ठिकानों पर भारत के सटीक हमलों में पाकिस्तान वायु सेना के लगभग 20 प्रतिशत बुनियादी ढांचे और कई PAF लड़ाकू विमान नष्ट हो गए। सूत्रों ने कहा कि भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों और नागरिक क्षेत्रों पर सशस्त्र ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने के पाकिस्तानी प्रयासों के जवाब में किए गए हमलों में सरगोधा और भोलारी जैसे प्रमुख गोला-बारूद डिपो और हवाई ठिकानों को निशाना बनाया गया, जहां PAF के F-16 और J-17 लड़ाकू विमान तैनात थे।

कई एयरबेस को हुआ भारी नुकसान

सिंध के जमशोरो जिले में भोलारी एयर बेस पर हमले में स्क्वाड्रन लीडर उस्मान यूसुफ और चार वायुसैनिकों सहित 50 से अधिक लोग मारे गए। बता दें कि ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान जवाबी हमलों के हिस्से के रूप में, भारत ने चकलाला में नूर खान, शोरकोट में रफीकी, चकवाल में मुरीद, सुक्कुर, सियालकोट, पसरूर, चुनियन, सरगोधा, स्कर्दू, भोलारी और जैकोबाबाद के सैन्य प्रतिष्ठानों और हवाई अड्डों को निशाना बनाया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश