1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारतीय नौसेना की जांबाजी, कारोबारी जहाज में आग लगने पर जंगी युद्धपोत ने की सहायता

भारतीय नौसेना की जांबाजी, कारोबारी जहाज में आग लगने पर जंगी युद्धपोत ने की सहायता

 Published : Feb 24, 2024 05:06 pm IST,  Updated : Feb 24, 2024 05:06 pm IST

नौसेना की एक विस्फोटक आयुध निपटान टीम पोत पर गई और उसे संभावित जोखिम से बचाया। इसके बाद पोत को आगे की यात्रा की मंजूरी दी गई।

भारतीय नौसेना की जांबाजी- India TV Hindi
भारतीय नौसेना की जांबाजी Image Source : AP

Indian Navy: भारतीय नौसेना की जांबाजी एक बार फिर दुनिया ने देखी है। जानकारी के अनुसार अदन की खाड़ी में एक संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल हमले के बाद एक व्यापारिक जहाज में आग लगने पर एक भारतीय युद्धपोत ने उसे सहायता प्रदान की। भारतीय सैन्य अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि ‘एमवी आइलैंडर’ पर बृहस्पतिवार को हमला हुआ जिसमें जहाज के चालक दल का एक सदस्य घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि नौसेना की एक विस्फोटक आयुध निपटान टीम पोत पर गई और उसे संभावित जोखिम से बचाया। इसके बाद पोत को आगे की यात्रा की मंजूरी दी गई। हमले की यह घटना हूती उग्रवादियों द्वारा लाल सागर में विभिन्न वाणिज्यिक जहाजों पर किये जा रहे हमलों को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच हुई है। 

भारतीय नौसेना की एक चिकित्सा टीम ने भी की सहायता

उन्होंने बताया कि भारतीय नौसेना की एक चिकित्सा टीम भी ‘एमवी आइलैंडर’ पर पहुंची और उसने घायल चालक दल के सदस्य को चिकित्सा सहायता प्रदान की। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना के जहाजों के अथक प्रयास, व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के प्रति भारतीय नौसेना की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।’’ 

जनवरी में ईरानी जहाज का लुटेरों से कराया था मुक्त

इससे पहले जनवरी महीने के अंत में भी भारतीय नौसेना ने जांबाजी दिखाते हुए समुद्री लुटेरों द्वरा अपह्त किए गए ईरानी जहाज को लुटेरों से मुक्त कराया था। भारत के जंगी जहाज आईएनएस सुमित्रा ने मछुआरों और 17 क्रू मेंबर्स को समुद्री डाकुओं से बचाया। जानकारी के अुनसार भारतीय नौसेना के जंगी जहाज आईएनएस सुमित्रा ने अरब सागर में कोच्चि से 700 समुद्री मील दूर पश्चिम में सोमाली समुद्री डाकुओं द्वारा अपह्त किए गए लोगों को बचा लिया है। इस ईरानी जहाज एमवी इमान में 17 क्रू मेंबर बैठे हुए थे, जिनका अपहरण समुद्री डाकुओं ने कर लिया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश