1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान अब एप्पल, माइक्रोसॉफ्ट जैसी अमेरिकी कंपनियों को बनाएगा निशाना, कर्मचारियों को दफ्तर छोड़ने का अल्टीमेटम

ईरान अब एप्पल, माइक्रोसॉफ्ट जैसी अमेरिकी कंपनियों को बनाएगा निशाना, कर्मचारियों को दफ्तर छोड़ने का अल्टीमेटम

 Published : Mar 31, 2026 09:35 pm IST,  Updated : Mar 31, 2026 09:48 pm IST

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने एक बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए अमेरिका से जुड़ी प्रमुख वैश्विक कंपनियों को निशाना बनाने की चेतावनी दी है।

blast- India TV Hindi
हमले की तस्वीर (प्रतीकात्मक) Image Source : AP

तेहरान: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बड़ी धमकी दी है। IRGC ने कहा है कि वह किसी भी हत्या का जवाब अमेरिका से जुड़ी बड़ी कंपनियों को निशाना बनाकर देगा। इस बयान के बाद वैश्विक स्तर पर सुरक्षा एजेंसियों और कॉर्पोरेट जगत में हड़कंप मच गया है।

तुरंत वर्कप्लेस छोड़ने को कहा

IRGC की ओर से जारी  बयान में इन कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों को तुरंत वर्कप्लेस छोड़ने की सलाह दी गई है। इन कंपनियों के दफ्तर के एक किलोमीटर के दायरे में रहनेवाले स्थानीय लोगों से भी IRGC ने अपील की है कि वे अपनी जान बचाने के लिए किसी सुरक्षित जगह पर चले जाएं।

इन कंपनियों को अल्टीमेटम

IRGC ने उन कंपनियों की एक लिस्ट भी सार्वजनिक है। इस सूची में Cisco, HP, Intel, Oracle, Microsoft, Apple, Google, Meta, IBM, Dell, Nvidia, JPMorgan Chase, Tesla, General Electric, Boeing और अन्य कंपनियां शामिल हैं। बयान में बताया गया है कि यह नियम 1 अप्रैल को तेहरान के समय अनुसार रात 8:00 बजे से लागू होगा।

अमेरिका ने दी धमकी

IRGC का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब एक निर्णायक और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने ईरान को बेहद सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि वह या तो अमेरिका के साथ समझौता करे या फिर "भीषण सैन्य कार्रवाई" का सामना करने के लिए तैयार रहे। हेगसेथ ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिन इस युद्ध के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होंगे और यह संघर्ष केवल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शर्तों पर ही समाप्त होगा।

रक्षा सचिव हेगसेथ ने ईरान के नए नेतृत्व को आगाह करते हुए कहा कि वे पिछले शासन की तुलना में अधिक समझदारी दिखाएं। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप न तो झांसा देते हैं और न ही पीछे हटते हैं। ईरान के नए शासन को यह पहचानना चाहिए कि Regime Change पहले ही हो चुका है। ट्रंप समझौता करने को तैयार हैं और शर्तें उन्हें पता हैं। अगर ईरान तैयार नहीं है, तो अमेरिकी रक्षा विभाग और भी अधिक तीव्रता के साथ हमले जारी रखेगा।"

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश