1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Israel US Iran War Update LIVE: अमेरिका ने बढ़ा दी हमले की तारीख, ईरान से तोहफा मिलने का किया दावा

Israel US Iran War Update LIVE: अमेरिका ने बढ़ा दी हमले की तारीख, ईरान से तोहफा मिलने का किया दावा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Updated : Mar 27, 2026 08:14 am IST

Israel US Iran War Update: मिडिल-ईस्ट में जंग का आज 28वां दिन है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर 6 अप्रैल तक हमला नहीं करने की बात कही है। इसके अलावा ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने उन्हें खास तोहफा दिया है।

अमेरिका-इजरायल के द्वारा ईरान पर हमले जारी। - India TV Hindi
अमेरिका-इजरायल के द्वारा ईरान पर हमले जारी। Image Source : AP

Israel US Iran War Update Live: इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से पूरी दुनिया को चौंकाने वाला बयान दिया है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि वह ईरान पर 6 अप्रैल तक हमला नहीं करेंगे। बता दें कि ईरान पर हो रहे हमलों के बीच ट्रंप ने सीजफायर के लिए बैठक करने की बात कही है। यह भी दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के लिए बैठक आयोजित करवा सकता है। हालांकि अभी तक इस पर कोई सहमति नहीं बन सकी है। 

एक तरफ जहां अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के दावे किये जा रहे हैं। वहीं दोनों देश एक दूसरे के खिलाफ भी बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि अमेरिकी सैनिक युद्ध की शुरुआत से ही खाड़ी देशों में स्थित अपने सैनिक ठिकानों से भागकर होटलों और दफ़्तरों में छिप गए। अमेरिकी सैनिक नागरिकों का इस्तेमाल 'ह्यूमन शील्ड' के तौर पर कर रहे हैं। 

वहीं इस बीच ट्रंप ने एक और बड़ा खुलासा किया है। ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने अमेरिका को कीमती तोहफा भेजा है। ईरान ने होर्मुज से 10 टैंकर पार करने की इजाज़त दे दी है। इनमें से 8 टैंकर रवाना हो चुके हैं, जबकि ईरान 2 टैंक और भेजेगा। ट्रंप ने बताया कि इन टैंकर्स पर पाकिस्तानी झंडे लगे हैं और वो जल्द ही उनके पास पहुंच जाएंगी।

Israel US Iran War Update LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 11:08 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मार्को रुबियो का दावा-युद्ध जल्द समाप्त हो जाएगा।

    ईरान पर मार्को रुबियो का कहना है, यह संघर्ष लंबा नहीं चलेगा। रूस ईरान के लिए ऐसा कुछ भी नहीं कर रहा है जिससे हमारे अभियानों में किसी भी तरह की बाधा या प्रभाव पड़ रहा हो।

  • 9:01 PM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    इज़राइल ने ईरान के इस्पात संयंत्रों को निशाना बनाया

    ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल ने दक्षिण-पश्चिमी ईरान और इस्फ़हान शहर में इस्पात संयंत्रों पर हमला किया।

  • 7:52 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    ईरान के कोम में रिहायशी इलाके पर हमले में 18 लोगों की मौत

    ईरान के पवित्र शहर कोम में रिहायशी इलाके पर अमेरिका-इजरायल के हमले में कम से कम 18 लोग मारे गए, 10 घायल हुए।

     

  • 4:56 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    इजरायल के रक्षा मंत्री ने दी ईरान को चेतावनी

    इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि हमने ईरान को चेतावनी दी थी कि वह नागरिकों पर गोलीबारी बंद करे। चूंकि यह जारी है, इसलिए हमारे हमले और तेज होंगे। हमले उन लक्ष्यों तक भी फैलेंगे जो उसकी युद्ध क्षमताओं को समर्थन देते हैं।

  • 3:48 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    सऊदी अरब ने मार गिराए 2 ड्रोन

    सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि देश की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने रियाद इलाके की ओर बढ़ रहे 2 और ड्रोनों को नष्ट कर दिया है। सऊदी राजधानी के पास एक घंटे से भी कम समय में यह दूसरा ऐसा हमला है। पिछले हमले के दौरान, सऊदी अरब ने कहा था कि उसकी सुरक्षा प्रणाली ने 2 ड्रोनों को मार गिराया, जबकि 4 ड्रोन खाड़ी के पानी या खुले इलाकों में गिरे।

  • 2:32 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    IRGC ने दी चेतावनी

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने नागरिकों से उन इलाकों को छोड़ने की अपील की है जहां अमेरिकी सेनाएं तैनात हैं। IRGC ने कहा है कि अमेरिकी सेनाओं पर हमला करना उसका कर्तव्य है, फिर चाहे वो हमें कहीं भी मिलें। तस्नीम समाचार एजेंसी द्वारा जारी एक बयान में IRGC के जनसंपर्क कार्यालय ने कहा, "हम आपको सलाह देते हैं कि आप उन इलाकों को तुरंत छोड़ दें जहां अमेरिकी सेनाएं तैनात हैं, ताकि आपको कोई नुकसान ना पहुंचे।"

  • 2:27 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    'युद्ध पूरी तरह से अनुचित है'

    ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि यह आक्रामक युद्ध पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को यह आक्रामकता शुरू की थी। मिनाब में 'शजरह तैय्यबे' प्राथमिक विद्यालय को निशाना बनाना एक युद्ध अपराध था, जिसकी स्पष्ट शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। यह महज कोई घटना या कोई भूल नहीं थी।  अराघची ने संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकार परिषद के 61वें सत्र की 49वीं बैठक के दौरान, 'बच्चों और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा' विषय पर आयोजित एक आपातकालीन बहस में बोलते हुए यह बात कही है।

  • 2:00 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    कुवैत के मुबारक अल कबीर बंदरगाह पर हुआ हमला

    ड्रोन और क्रूज मिसाइलों से कुवैत के मुबारक अल कबीर बंदरगाह पर हमला किया गया है। कुवैत के लोक निर्माण मंत्रालय के अनुसार, बंदरगाह के बुनियादी ढांचे पर "दुश्मन ड्रोन और क्रूज मिसाइलों" से हमला किया गया। मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इससे पहले कुवैत के शुवैख बंदरगाह पर भी एक अलग हमला हुआ था, जिसमें संपत्ति को नुकसान पहुंचा था।

  • 1:44 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    ईरान में 250 छात्र और शिक्षकों की मौत

    ईरान का कहना है कि अमेरिका और इजरायल से जंग के दौरान 250 छात्र और शिक्षक मारे गए हैं। ईरान की IRNA समाचार एजेंसी ने शिक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क केंद्र के प्रमुख हुसैन सादेघी के हवाले से बताया कि इन हमलों में 723 शैक्षणिक और सांस्कृतिक संस्थानों को भी नुकसान पहुंचा है। ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री अली जाफरियन के अनुसार, 28 फरवरी को जंग शुरू होने के बाद से ईरान में मरने वालों की कुल संख्या अब कम से कम 1,937 हो गई है।

  • 12:35 PM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    खतरा 'खत्म' हो गया है: कतर

    कतर ने अपने बढ़ाए गए सुरक्षा अलर्ट को कम कर दिया है। गृह मंत्रालय ने निवासियों को एक संदेश भेजा है जिसमें कहा गया है कि "खतरा खत्म हो गया है और स्थिति सामान्य हो गई है।" यह सुरक्षा अलर्ट कुछ ही मिनट पहले जारी किया गया था। जल्द ही यहां स्कूल भी खुलेंगे।

  • 10:52 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    इजरायली सेना ने दी चेतावनी

    इजरायली सेना ने कहा है कि दक्षिणी लेबनान के सजद गांव के निवासियों को तुरंत वहां से निकल जाना चाहिए, क्योंकि इजरायली सेना वहां ज़ोरदार कार्रवाई करेगी। यह गांव नबातीह प्रांत के जेजीन जिले में स्थित है। 

  • 10:32 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    IDF ने तेहरान में किया हमला

    इजरायल डिफेंस फोर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, "IDF ने तेहरान के मध्य में बड़े पैमाने पर हमलों का सिलसिला पूरा किया। IDF ने हाल ही में तेहरान में ईरानी आतंकी शासन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हमलों का एक सिलसिला पूरा किया है।

  • 10:25 AM (IST)
    Posted by Amit Mishra

    सऊदी अरब ने नष्ट किए 2 ड्रोन

    सऊदी अरब ने देश के पूर्वी हिस्से में 2 ड्रोन्स को नष्ट कर दिया है। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन ड्रोनों का पता लगाकर उन्हें देश के पूर्वी क्षेत्र में नष्ट किया गया। इस क्षेत्र में तेल की कई महत्वपूर्ण इकाइयां स्थित हैं और युद्ध शुरू होने के बाद से ही ईरान लगातार इसे निशाना बनाता रहा है।

  • 10:18 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    ईरान अमेरिका के बीच अटकी बातचीत

    सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर आ रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच आमने-सामने की बातचीत जल्द शुरू हो सकती है। मिडिल ईस्ट की मीडिया के मुताबिक इस बातचीत से पहले ईरान हर्जाना, सुरक्षा गारंटी और होर्मुज स्ट्रेट पर कंट्रोल की मांग कर रहा है। हालांकि अमेरिका साफ संकेत दे चुका है कि वो इन शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं है, इसलिये समझौते के आसार भी नज़र नहीं आ रहे हैं।

  • 9:45 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इजरायल ने लेबनान में भेजी सैन्य टुकड़ी

    मिडिल-ईस्ट में सीजफायर के दावे नाकाम नजर आ रहे हैं। इजराइली सेना ने कहा है कि उसने लेबनान में सेना की एक और टुकड़ी भेजी है। इजरायल का कहना है कि हिज्बुल्ला के खिलाफ उसका अभियान और तेज हो गया है। 

  • 9:14 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    हम तनाव कम होते हुए देखना चाहते हैं: ब्रिटिश उच्चायुक्त

    भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने कहा कि ब्रिटेन पश्चिम एशिया में "तनाव कम होने" की उम्मीद कर रहा है और चाहता है कि यह संघर्ष जल्द खत्म हो। उन्होंने कहा कि तेल आपूर्ति फिर से शुरू होनी चाहिए ताकि इसका ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन "रक्षात्मक कार्रवाई का समर्थन करता है, ताकि ईरान को क्षेत्र में मिसाइलें दागने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इससे संघर्ष लंबा खिंच रहा है और सहयोगी देशों व लोगों को नुकसान हो रहा है। 

  • 8:51 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    खाड़ी में युद्ध के परिणाम दुनिया के लिए अप्रत्याशित: पुतिन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि खाड़ी संघर्ष के दोषियों सहित कोई भी व्यक्ति दुनिया पर पड़ने वाले इसके गंभीर परिणामों का अनुमान नहीं लगा सकता है। इसकी तुलना केवल कोविड महामारी से ही की जा सकती है। रूसी नेता ने कहा कि ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले से भड़के संघर्ष के बढ़ने से उद्योगों की एक विस्तृत श्रृंखला खतरे में पड़ गई है और यह कहना मुश्किल है कि आगे इसके क्या परिणाम हो सकते हैं। 

    उन्होंने कहा, ''पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष मौजूदा स्थिति को तेजी से प्रभावित कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय रसद, विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखलाओं में महत्वपूर्ण व्यवधान पैदा कर रहा है।'' रूसी राष्ट्रपति पुतिन का कहना है कि खाड़ी संघर्ष के परिणाम दुनिया के लिए अप्रत्याशित हैं। 

  • 8:17 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    ईरान ने दिया खास तोहफा

    ट्रंप ने कहा है कि ईरान उनसे युद्धविराम के लिए बात करना चाहता है। उन्होंने कहा कि ईरान हमसे बात करने के लिए सद्भावना प्रदर्शित करने के उद्देश्य से होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते कुछ तेल टैंकर को गुजरने की अनुमति दे रहा है। उन्होंने दावा किया है कि इसमें 10 टैंकर शामिल हैं, जिनमें से 8 को रवाना भी कर दिया गया है। 

  • 7:51 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    6 अप्रैल तक ईरान पर नहीं करेंगे हमला: ट्रंप

    ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट की। पोस्ट के मुताबिक ट्रंप ने अपनी एनर्जी प्लांट स्ट्राइक पर लगी रोक को 6 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत अच्छी चल रही है। ट्रंप ने पोस्ट में लिखा कि ईरानी सरकार के अनुरोध पर मैं ऊर्जा ठिकानों को तबाह करने की कार्रवाई को 10 दिनों के लिए रोक रहा हूं, जो सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को रात 8 बजे तक जारी रहेगा।

     

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश