Israel US Iran War Update Live: इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध के बीच जंग का आज 29वां दिन है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यक्रम के दौरान दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज' को 'स्ट्रेट ऑफ ट्रंप' कह दिया। हालांकि, तुरंत ही उन्होंने अपनी बात सुधारते हुए कहा कि यह 'हॉर्मुज' है, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ दिया कि उनसे 'ऐसी गलतियां नहीं होतीं'। बता दें कि ईरान पर हो रहे हमलों के बीच ट्रंप ने सीजफायर के लिए बैठक करने की बात कही है। यह भी दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के लिए बैठक आयोजित करवा सकता है। हालांकि अभी तक इस पर कोई सहमति नहीं बन सकी है। ओमान के सलालाह पोर्ट पर भी ईरान ने मिसाइल हमला किया है। इसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग के दौरान ईरान ने बड़ा दावा करते हुए अपने परमाणु केंद्रों को निशाना बनाए जाने की बात कही। ईरान ने कहा कि उसके परमाणु केंद्रों को निशाना बनाया गया है। इससे पहले इजरायल ने ईरान पर हमला करने की चेतावनी भी दी थी। वहीं दूसरी तरफ ईरान ने सऊदी अरब में अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर हमला करना शुरू कर दिया है। ईरान के हमले में अमेरिका के कई सैनिक घायल भी हो गए हैं। वहीं कई विमान भी इस हमले में क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ईरान ने सऊदी अरब स्थित प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमला किया है।
पश्चिम एशिया में युद्ध की इस पूरी स्थिति पर भारत की भी नजर बनी हुई है। पीएम मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों और लेफ्टिनेंट गवर्नरों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों से पैदा हुए हालात और भारत पर इसके संभावित असर को देखते हुए तैयारियों का रिव्यू किया गया। प्रधानमंत्री ने सभी मुख्यमंत्रियों द्वारा शेयर किए गए कीमती सुझावों की तारीफ की और कहा कि ये इनपुट बदलते हालात को असरदार तरीके से मैनेज करने में मददगार होंगे। उन्होंने आगे आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्कता, तैयारी और मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया।