1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान की 4 मिसाइलों को जॉर्डन के एयर डिफेंस ने मार गिराया, लेकिन WSJ की नई रिपोर्ट ने मचाई हलचल

ईरान की 4 मिसाइलों को जॉर्डन के एयर डिफेंस ने मार गिराया, लेकिन WSJ की नई रिपोर्ट ने मचाई हलचल

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Published : Jul 22, 2026 02:57 pm IST,  Updated : Jul 22, 2026 02:57 pm IST

ईरान ने जॉर्डन पर ताजा हमला करते हुए मिसाइलें दागी हैं, जिनमें से 4 को एयर डिफेंस ने मार गिराया है। इस बीच, WSJ की रिपोर्ट में दावा किया गया कि ईरान के पास अब भी बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन मौजूद हैं।

Iran Jordan missile attack, Jordan air defense, US Iran conflict- India TV Hindi
ईरान ने जॉर्डन मिसाइलें दागी हैं। Image Source : AP REPRESENTATIONAL

Highlights

  • जॉर्डन ने 4 ईरानी मिसाइलें मार गिराईं, दो निर्जन इलाकों में गिरीं, क्षेत्र में तनाव बढ़ा।
  • अमेरिका ने लगातार 11वीं रात ईरान पर हमले किए, कई सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना।
  • वॉल स्ट्रीट जर्नल ने कहा, ईरान अब भी उन्नत मिसाइलों से हमला करने में सक्षम।

दुबई: ईरान ने बुधवार को जॉर्डन पर मिसाइल हमला किया जिसके बाद मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर काफी ज्यादा बढ़ गया है। । जॉर्डन के बंदरगाह शहर अकाबा में अचानक मिसाइल हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बज उठे। जॉर्डन की सेना ने बताया कि उसने ईरान की ओर से दागी गई 4 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया, जबकि 2 मिसाइलें निर्जन क्षेत्रों में जाकर गिरीं। अकाबा के ऊपर धुएं के गुबार भी दिखाई दिए, जिनके वीडियो पास के इजरायली शहर इलात से भी सामने आए हैं। वहीं, 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान के पास अब भी बड़ी मात्रा में मिसाइल क्षमता मौजूद है।

अमेरिका ने ईरान पर लगातार 11वें दिन किया हमला

बता दें कि यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब अंतरिम युद्धविराम पहले ही टूट चुका है और नई सहमति बनने की संभावना फिलहाल साफ नहीं है। इस बीच अमेरिकी सेना ने बताया कि उसने बुधवार को लगातार 11वीं रात ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए। ईरान की राजधानी तेहरान के आसपास एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, बुशेहर, पूर्वी अजरबैजान, हमदान, होर्मोजगान, खुजेस्तान और सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांतों में भी विस्फोट हुए। अमेरिका ने कहा कि उसके हमलों का निशाना विमान हैंगर और ड्रोन भंडारण केंद्र रहे।

ईरान ने अमेरिका के सहयोगी देशों पर बोला धावा

एक दिन पहले ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में एक तेल टैंकर पर हमला किया था, जिसके बाद जहाज के क्रू को उसे छोड़ना पड़ा। ईरान ने क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगी देशों पर भी हमले जारी रखे और बहरीन, जॉर्डन तथा कुवैत को भी निशाना बनाया। इन हमलों से पहले ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी पाकिस्तान पहुंचे थे। पाकिस्तान इस संघर्ष में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और कूटनीतिक समाधान तलाशने की कोशिश कर रहा है। हालांकि अब तक यह साफ नहीं है कि युद्ध समाप्त करने के लिए किस तरह का नया समझौता हो सकता है।

'ईरान के पास अब भी हैं काफी बैलिस्टिक मिसाइलें'

वहीं, द वॉल स्ट्रीट जर्नल यानी कि WSJ की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कई सप्ताह तक अमेरिका और इजरायल की ओर से किए गए हमलों के बावजूद ईरान के पास अब भी बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन मौजूद हैं। हलचल मचाने वाली इस रिपोर्ट के मुताबिक, हालिया हमलों से संकेत मिलता है कि ईरान ने अपने हथियार कार्यक्रम के कुछ हिस्सों को फिर से एक्टिव कर लिया है और वह अब भी अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के लिए खतरा बना हुआ है। लगातार बमबारी के बावजूद ईरान ने कुछ अंडरग्राउंड सुरंगों के प्रवेश द्वार दोबारा खोल दिए हैं, वहां तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत कर ली है और कुछ ठिकानों से फिर मिसाइल संचालन शुरू कर दिया है।

बैलिस्टिक मिसाइल हमले में मारे गए अमेरिकी सैनिक?

रिपोर्ट में सैन्य विशेषज्ञों के हवाले से कहा गया है कि जॉर्डन स्थित मुवाफ्फाक सल्ती एयर बेस पर हुआ हालिया हमला, जिसमें 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई थी, शायद ईरान की सबसे उन्नत मध्यम दूरी की खैबर शिकन बैलिस्टिक मिसाइल से किया गया था। यह मिसाइल उन हथियार प्रणालियों में शामिल थी, जिन्हें इस वर्ष मार्च और अप्रैल में अमेरिका तथा इजरायल ने भूमिगत ठिकानों पर हमलों के दौरान निशाना बनाया था। इससे यह साफ होता है कि ईरान की सैन्य क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और अमेरिका के लिए यह अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। (AP और ANI की रिपोर्ट के मुताबिक)

ये भी पढ़ें: 'ईरान बातचीत के लिए सीरियस नहीं, हम अपने सहयोगियों की हर तरह से करेंगे सुरक्षा', मार्को रूबियो ने कही बड़ी बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश